Keir Starmer resignation: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के संभावित इस्तीफे को लेकर अटकलों के बीच बिजनेस मिनिस्टर पीटर काइल ने कहा है कि उन्हें ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वे सोमवार को पद छोड़ने वाले हैं। ऑब्ज़र्वर की रिपोर्ट और राजनीतिक दबाव के बीच सरकार ने स्थिति स्पष्ट करने से इनकार किया है।

British minister Peter Kyle on Keir Starmer: ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर के इस्तीफे को लेकर जारी अटकलों के बीच बिजनेस मिनिस्टर पीटर काइल ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'उन्हें ऐसा कोई कारण नहीं दिखता, जिससे लगे कि प्रधानमंत्री कीर स्टारमर सोमवार को इस्तीफा देने की योजना बना रहे हैं।' स्काई न्यूज से बात करते हुए काइल ने बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से बातचीत हुई थी, लेकिन उन्होंने इस तरह के संकेत नहीं दिए थे।
इस दौरान काइल ने स्टारमर के साथ शुक्रवार को हुई बातचीत की डिटेल बताने से इनकार कर दिया, बस इतना कहा कि बातचीत लंबी थी और एक बार भी… उन्होंने अपने बारे में बात नहीं की। बातचीत हमेशा देश के बारे में थी। जब कीर स्टार्मर के इस्तीफा देने की तैयारी के बारे में पूछा गया तो काइल ने कहा, 'मेरे पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि ये बातें सच हैं। मैं बहुत सारी अटकलें सुन रहा हूं।'
काइल ने आगे कहा, 'आज भी, जैसा कि मैंने कीर को हमेशा देखा है, वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं। साथ ही, वे ऐसी स्थिति बनाने की भी कोशिश कर रहे हैं, जहां वे राजनीतिक हकीकतों, चुनौतियों और हमारे सामने मौजूद मौकों के बारे में सोच और विचार कर सकें।'
ब्रिटेन के 'ऑब्ज़र्वर' अख़बार ने दावा किया है कि कीर स्टार्मर इस्तीफे पर कोई फाइनल फैसला लेने से पहले चेकर्स कंट्री रेजिडेंस पर अपनी पत्नी के साथ इस मामले पर चर्चा कर रहे। लेबर पार्टी के सीनियर नेताओं को उम्मीद थी कि सोमवार तक उनके भविष्य के बारे में कोई साफ बयान आ जाएगा। अखबार का यह भी मानना है कि कीर स्टार्मर संभवतः सोमवार तक पद छोड़ने के बारे में फैसला ले लें। हालांकि सरकार के एक सूत्र के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री का ध्यान सरकार चलाने के काम पर ही है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, लेबर पार्टी के अधिकांश सांसद सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि कीर स्टार्मर को पद छोड़ देना चाहिए। कम से कम उन्हें यह बताना चाहिए कि वे कब तक पद पर बने रहेंगे। असल में कीर स्टार्मर की राजनीतिक स्थिति कुछ महीनों में कमजोर हुई है। ऐसे में स्टार्मर की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। यह खतरा शुक्रवार को तब और बढ़ गया जब पार्टी के ही एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम ने संसद की एक सीट जीत ली, जिससे उन्हें नेतृत्व के लिए औपचारिक चुनौती देने का मौका मिल गया।