विदेश

पुल से खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, ग्वाटेमाला में 55 लोगों की मौत

Guatemala Bus Crash: ग्वाटेमाला में यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने से हाहाकार मच गया है। इस हादसे में 55 लोग मारे गए हैं।
less than 1 minute read
Feb 11, 2025
Bus crash in Guatemala

दुनियाभर में आए दिन ही रोड एक्सीडेंट्स के मामले सामने आते रहते हैं। कहीं न कहीं अक्सर ही सड़क हादसे होते रहते हैं। इसी तरह का एक हादसा अब ग्वाटेमाला (Guatemala) में सामने आया है। ग्वाटेमाला की राजधानी ग्वाटेमाला सिटी में सोमवार को यात्रियों से भरी एक बस हाईवे पर पुल से नीचे एक खाई में गिर गई। खाई करीब 35 मीटर गहरी थी। जानकारी के अनुसार हाईवे के पुल पर एक से ज़्यादा व्हीकल्स की टक्कर से बस पुल से नीचे गिर गई। खाई में गिरने के बाद बस को काफी नुकसान पहुंचा और वो खाई में बने नाले में आधी डूब गई।

55 लोगों की मौत

ग्वाटेमाला सिटी में हुए इस भीषण बस एक्सीडेंट में 55 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 53 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और 2 अन्य लोगों ने अस्पताल ले जाते समय अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 75 लोग थे।

20 लोग घायल, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

बस में सवार अन्य 20 लोग इस बस एक्सीडेंट में घायल हो गए हैं। घायलों को सैन जुआन डे डिओस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

3 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

इस हादसे के बाद ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति बर्नार्डो अरेवालो (Bernardo Arévalo) ने पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों के पूरी तरह से सही होने की कामना जताई। साथ ही उन्होंने देश में 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की भी घोषणा की।

यह भी पढ़ें- महिला ने नशे की लत के चलते खुद को लगाया मकड़ी के जहर का इंजेक्शन, फिर हुआ कुछ ऐसा….



Published on:
11 Feb 2025 10:38 am