Chinese spy mayor California: अमेरिका में कैलिफोर्निया की मेयर चीन के लिए जासूसी का आरोप लगा है। ईलीन वांग ने इस आरोप के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अमेरिका से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग पर चीन सरकार के लिए अमेरिका में जासूसी करने का आरोप लगा है। भारी बवाल के बाद उन्होंने खुद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि वांग अदालत में अपना जुर्म मानने को तैयार हो गई हैं। दोष सिद्ध होने के बाद उन्हें 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है। यह मामला चीन की अमेरिका में चल रही गुप्त गतिविधियों की एक और मिसाल बन गया है।
ईलीन वांग 58 साल की हैं। उन्होंने 2022 में शहर की काउंसिल में चुनाव जीता था और बाद में मेयर बन गईं। संघीय जांच एजेंसियों का कहना है कि 2020 से 2022 तक उन्होंने एक वेबसाइट चलाई, जिसका नाम था यूएस न्यूज सेंटर। इस साइट पर चीन सरकार की नीतियों का समर्थन करने वाले लेख छापे जाते थे।
ये लेख शिनजियांग, ताइवान और हांगकांग जैसे मुद्दों पर चीन के पक्ष में प्रचार करते थे। जांचकर्ताओं के मुताबिक, ये निर्देश उन्हें चीन के अधिकारियों से वीचैट के जरिए मिलते थे।
उन्होंने अपने साथी या सहयोगी माइक सुन के साथ मिलकर यह काम किया। माइक सुन पहले ही इस मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं और उन्हें 4 साल की जेल हो चुकी है।
सोमवार को संघीय अभियोजकों ने यह जानकारी दी कि ईलीन वांग ने इस्तीफा दे दिया है। वे अदालत में दोषी करार देने की याचिका दाखिल करने को तैयार हैं।
लॉस एंजेलिस की अदालत में पेशी के दौरान उन्होंने विदेशी सरकार का एजेंट बनकर बिना रजिस्ट्रेशन के काम करने का आरोप स्वीकार कर लिया।
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, यह गंभीर अपराध है क्योंकि विदेशी सरकार के लिए ऐसे काम बिना बताए करना कानून का उल्लंघन है। विशेष रूप से जब कोई चुनी हुई नेता इसमें शामिल हो तो यह लोकतंत्र के लिए खतरा बन जाता है।
यह घटना ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड, टेक्नोलॉजी और सुरक्षा को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। कई अमेरिकी अधिकारी कहते रहे हैं कि चीन अमेरिका के अंदर प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। स्थानीय स्तर पर नेता, बिजनेसमैन और समुदायों को प्रभावित करने की रणनीति अपनाई जा रही है।