विदेश

कोलंबियाई एयरफोर्स का प्लेन हुआ क्रैश और बना आग का गोला, 69 सैनिकों की मौत

Plane Crash: कोलंबियाई एयरफोर्स का प्लेन सोमवार को क्रैश हो गया। इस हादसे से हाहाकार मच गया।
2 min read
Mar 24, 2026
Colombian air force plane crashes
Colombian air force plane crashes (Photo - Washington Post)

प्लेन क्रैश (Plane Crash) के मामलों में दुनियाभर में इजाफा हो रहा है। पिछले क़रीब दो सालों में दुनियाभर में इस तरह के कई हादसे देखने को मिले हैं। यात्री विमान ही नहीं, सेना के विमान भी इस तरह के हादसों से सुरक्षित नहीं हैं। इसी तरह का एक हादसा सोमवार को कोलंबिया (Colombia) में हुआ, जब एयरफोर्स का एक हरक्यूलिस C-130 प्लेन क्रैश हो गया। यह हादसा दक्षिणी एमेज़ॉन (South Amazon) क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो (Puerto Leguízamo) शहर के पास हुआ, जो पुतुमायो (Putumayo) प्रांत में स्थित है और पेरू (Peru) की बॉर्डर से लगा हुआ है।

क्रैश होते ही आग का गोला बना प्लेन

कोलंबियाई एयरफोर्स का C-130 प्लेन टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही क्रैश हो गया। हादसे के समय प्लेन में 115 सैनिक, पायलट समेत 15 क्रू मेंबर्स और राष्ट्रीय पुलिस के 2 सदस्य समेत कुल 128 लोग सवार थे, जिसकी पुष्टि देश के आर्मी चीफ ने की। प्लेन एयरपोर्ट से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में क्रैश हुआ। क्रैश होते ही प्लेन आग का गोला बन गया। कुछ ही देर में आसमान में धुएं का गुबार छा गया।

69 सैनिकों की मौत

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस प्लेन क्रैश में 69 सैनिकों की मौत हो गई और आर्मी चीफ ने भी इसकी पुष्टि की है। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

57 सैनिक घायल

आर्मी चीफ ने बताया इस प्लेन क्रैश में 57 लोग घायल हो गए। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

किस वजह से हुआ प्लेन क्रैश?

कोलंबियाई एयरफोर्स का प्लेन किस वजह से क्रैश हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घने जंगल में प्लेन क्रैश होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी मुश्किल आई। मामले की जांच शुरू हो गई है और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या तकनीकी खराबी, खराब मौसम या पायलट की गलती की वजह से प्लेन क्रैश हुआ? प्लेन क्रैश होने और पूरी तरह से जलने की वजह से काफी नुकसान हुआ है और इसका मलबा जंगल में फैल गया है। ऐसे में जांचकर्ता मलबे को हटाकर ब्लैक बॉक्स की भी तलाश कर रहे हैं। ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद जांच में आसानी हो सकती है और यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि प्लेन किस वजह से क्रैश हुआ।

Updated on:
25 Mar 2026 09:12 am
Published on:
24 Mar 2026 06:52 am