विदेश

साइप्रस ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, 20 से अधिक देशों ने किया है सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस की सरकार ने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। उन्हें अब तक 20 देश सम्मानित कर चुके हैं।

2 min read
Jun 16, 2025
PM Modi received Cyprus highest honour

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को साइप्रस (Cyprus) की सरकार ने सर्वोच्च सम्मान (highest honour) से नवाजा है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस (President of Cyprus Nikos Christodoulides) ने पीएम मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय से सम्मानित किया। ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय साइप्रस की ओर से प्रदान किया जाने वाला नाइटहुड सम्मान है। यह सम्मान साइप्रस के प्रथम राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया था।

यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है

सर्वोच्च सम्मान ग्रहण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा- राष्ट्रपति निकोस, ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस की सरकार का और साइप्रस की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का सम्मान नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।

यह उनकी आकांक्षाओं व क्षमताओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम की विचारधारा का सम्मान है। मैं सभी भारतीयों की ओर से बड़ी विनम्रता के साथ सम्मान को स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

20 से अधिक देशों ने किया पीएम मोदी का सम्मान

पीएम मोदी को अब तक 20 से अधिक देशों सम्मान से नवाजा है। मॉरीशस के पीएम नवीनचंद्र रामगुलाम ने पीएम मोदी को 'द ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन' से सम्मानित किया था। श्रीलंकाई सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी को 'श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान' से सम्मानित किया था। कुवैत ने प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर से सम्मानित किया।

गुयाना और बारबाडोस ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया। डोमिनिका सरकार भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मानित कर चुकी है। अफगानिस्तान की तत्कालीन सरकार ने स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान से सम्मानित किया था। PM मोदी फिलिस्तीनी सरकार द्वारा ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन से नवाजे जा चुके हैं। मोदी को संयुक्त राष्ट्र द्वारा यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ अवार्ड दिया गया था।

रूस और फ्रांस ने भी किया सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने प्रधानमंत्री मोदी को ऑर्डर ऑफ द नाइल पुरस्कार से सम्मानित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया था। रूस ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल से सम्मानित किया।

Updated on:
16 Jun 2025 03:01 pm
Published on:
16 Jun 2025 02:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर