विदेश

Donald Trump के फंड रेजिंग कार्यक्रम से पहले एक संदिग्ध गन के साथ गिरफ्तार, घर में भी मिले हथियार

Donald Trump Security Threat:डोनाल्ड ट्रंप के फंडरेजिंग कार्यक्रम से पहले लॉस एंजिलिस के पास ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स के बाहर 38 वर्षीय एक शख्स को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने और कई गंभीर हथियार संबंधी आरोप लगे हैं। घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। जानिए पूरा मामला और जांच से जुड़े अहम अपडेट।
2 min read
Aug 05, 2026
Donald Trump Security.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo- IANS)

Donald Trump Golf Course Arrest:डोनाल्ड ट्रंप के फंडरेजिंग कार्यक्रम से पहले अमेरिकी सुरक्षाबलों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 38 वर्षीय एक शख्स को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया शख्स लॉस एंजिलिस के पास स्थित डोनाल्ड ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स के आसपास सुरक्षा व्यवस्थाओं की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था। आरोपी की पहचान जीनीन जॉन टाएले के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी कार से एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद हुई।

बाद में आरोपी के डाउनी स्थित घर की तलाशी ली गई। वहां से अमेरिकी सुरक्षाबलों को हथियार, मैगजीन, गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और कुछ चिंताजनक टिप्पणियों वाले नोट्स मिले। खास बात यह है कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के एक फंडरेजिंग कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

'सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने का आरोप'

शेरिफ विभाग के अनुसार, आरोपी जीनीन जॉन टाएले कार्यक्रम से दो दिन पहले गोल्फ कोर्स के आसपास तस्वीरें ले रहा था और वीडियो बना रहा था। आरोप है कि वह सुरक्षा अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसके अलावा टाएले पर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इनमें सेकेंड-डिग्री डकैती, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने और छोटी बैरल वाली राइफल या शॉटगन रखने के आरोप शामिल हैं। साथ ही उस पर वाहन में छिपाकर हथियार ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष

कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया। हालांकि, अदालत ने उसे ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स से दूर रहने और किसी भी प्रकार का हथियार रखने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया। साथ ही उसकी जमानत 2,50,000 डॉलर तय की गई। जांच के दौरान यह भी पता चला कि एल सेगुंडो पुलिस विभाग डकैती के एक मामले में टाएले की जांच कर रहा था।

फिर चर्चा में डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा

इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा एक बार फिर चर्चा में आ गई है। खास बात यह है कि यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब पिछले साल फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के गोल्फ क्लब में कथित हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में एक जूरी ने एक व्यक्ति को दोषी ठहराया था।

Updated on:
05 Aug 2026 08:29 am
Published on:
05 Aug 2026 08:29 am