विदेश

‘एक गोली में सब खत्म कर सकते हैं’, डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर ईरान का जवाब- ‘लोगों को मारा जा सकता है, आदर्शों को नहीं’

Donald Trump ने कहा कि अमेरिका चाहे तो खामेनेई के अंतिम संस्कार में मौजूद ईरानी नेतृत्व को एक ही हमले में निशाना बना सकता है। ईरान ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों को मारा जा सकता है, लेकिन विचारों को कभी खत्म नहीं किया जा सकता।
2 min read
Jul 05, 2026
US President Donald Trump
अमेरिकी प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो : ANI)

Donald Trump One Shot Statement: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका चाहता, तो अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में मौजूद ईरान के सभी शीर्ष नेताओं को एक ही गोली में निशाना बना सकता है। उन्होंने कहा कि वे ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई बचेगा ही नहीं। ट्रंप के इस बयान पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका पर सभ्यता, इतिहास और सम्मान की कमी का आरोप लगाया।

'लोगों को मारा जा सकता है, आदर्शों को नहीं'

ईरान के आर्मेनिया स्थित दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान की आलोचना करते हुए लिखा, लोगों को मारा जा सकता है, लेकिन आदर्शों को नहीं। आपने अयातुल्ला खामेनेई को मार डाला, लेकिन असल में आपने इत्र की एक ऐसी शीशी तोड़ी जिसकी खुशबू हर जगह फैल गई। दूतावास ने आगे कहा कि अमेरिका ने 4 जुलाई को अपनी आजादी के 250 साल पूरे होने का जश्न मनाया, लेकिन वह उस जनभावना को नहीं समझ सकता क्योंकि उसके पास न सभ्यता, न इतिहास, न सम्मान है।

एक गोली से हम सभी को खत्म कर सकते- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ पर सवाल उठाए। डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ पर सवाल उठाए। ट्रंप ने कहा, मुझे लगा था कि लोग खामेनेई से नफरत करते हैं। हो सकता है कि ये झूठे आंसू हों। इसके बाद उन्होंने ईरानी नेतृत्व को लेकर भी बड़ा दावा किया। ट्रंप ने कहा, वे सब वहीं हैं। एक गोली से हम उन सभी को खत्म कर सकते हैं। लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि तब हमारे पास बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा।

बातचीत पर भी ट्रंप ने दिया संकेत

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने इंटरव्यू में यह भी कहा कि खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कुछ समय के लिए रोकना दोनों देशों का साझा फैसला था। उन्होंने संकेत दिया कि एक सप्ताह के शोक कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों पक्ष फिर से बातचीत शुरू कर सकते हैं।

तेहरान में उमड़ा जनसैलाब

पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर इस समय तेहरान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। हजारों लोग और कई विदेशी प्रतिनिधि उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में मौत हुई थी। उनका अंतिम संस्कार 9 जुलाई को मशहद में किया जाएगा। इससे पहले तेहरान, कोम, नजफ और करबला में अंतिम यात्रा निकाली जा रही है।

Updated on:
05 Jul 2026 04:07 pm
Published on:
05 Jul 2026 04:07 pm