DOGE Shutdown: अमेरिका में एलन मस्क की लीडरशिप में बनाए गए डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी को बंद कर दिया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दूसरी बार अमेरिका (United States Of America) का राष्ट्रपति बनने पर एलन मस्क (Elon Musk) की लीडरशिप में एक नए डिपार्टमेंट का गठन किया था। इसका नाम डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (Department Of Government Efficiency – DOGE) रखा गया। शुरुआत में विवेक रामास्वामी (Vivek Ramaswamy) को भी इस डिपार्टमेंट में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने इसे छोड़ दिया था। कुछ समय पहले मस्क ने भी इस डिपार्टमेंट को छोड़ दिया था। अब इस डिपार्टमेंट पर बड़ा अपडेट सामने आया है।
ट्रंप ने तय समय से पहले ही DOGE को चुपचाप बंद कर दिया है। डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी का गठन जुलाई 2026 तक के लिए किया गया था, लेकिन एक साल से भी कम समय में इसे बंद कर दिया गया। अमेरिका के कार्मिक प्रबंधन कार्यालय के निदेशक स्कॉट कुपोर (Scott Kupor) ने इसकी पुष्टि की है। DOGE का काम और ज़िम्मेदारियाँ, कार्मिक प्रबंधन कार्यालय को सौंप दी गई हैं।
DOGE को किस वजह से बंद किया गया, इसका खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि इसके बंद होने की वजह ट्रंप और मस्क के संबंधों में आई दरार को माना जा रहा है। इसी वजह से मस्क ने DOGE को छोड़ दिया था और इसका कामकाज भी प्रभावित हुआ था। ट्रंप ने भी इस डिपार्टमेंट पर ध्यान देना बंद कर दिया था और अब इसका अंत हो गया है। हालांकि पिछले कुछ समय में ट्रंप और मस्क के संबंधों में सुधार देखने को मिला है।
डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी का लक्ष्य सरकारी नौकरशाही को खत्म करना, अतिरिक्त नियमों को कम करना, फिजूल खर्चों में कटौती करना और संघीय एजेंसियों के पुनर्गठन में मदद करना तय किया गया था। मस्क के साथ ही ट्रंप ने भी इन सुधारों को बेहद ज़रूरी बताया था।