Mexico violence: खूंखार ड्रग माफिया 'एल मेन्चो' की मौत के बाद मैक्सिको के कई राज्यों में भयंकर हिंसा भड़क उठी है। वहां फंसे हजारों भारतीयों की सुरक्षा के लिए दूतावास ने घरों में रहने की सख्त चेतावनी जारी की है।
Indian Embassy advisory: मैक्सिको की सेना के एक बड़े खुफिया ऑपरेशन में देश के सबसे खूंखार ड्रग माफिया और 'जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल' (CJNG) के सरगना नेमेसियो ओसेगेरा सर्वेंट्स उर्फ 'एल मेन्चो' (El Mencho death) को मार गिराने के हाई-प्रोफाइल एनकाउंटर के तुरंत बाद पूरे मैक्सिको में कार्टेल के गुंडों ने भारी बवाल मचा दिया है। कई राज्यों में आगजनी, हाईवे जाम और गोलीबारी की हिंसक घटनाएं (Mexico drug cartel violence) हो रही हैं। इस तनावपूर्ण और बिगड़ते माहौल के बीच, मैक्सिको में काम कर रहे और रह रहे हजारों भारतीय नागरिकों (Indians in Mexico) की सुरक्षा को लेकर भारत में उनके परिवारों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
आधिकारिक आंकड़ों और भारतीय दूतावास के अनुसार, मैक्सिको में वर्तमान में लगभग 8,000 भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग (PIOs) निवास करते हैं। भारत और मैक्सिको के बीच बढ़ते व्यापारिक और तकनीकी संबंधों के कारण पिछले एक दशक में यहां भारतीयों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
प्रमुख शहर: मैक्सिको में रहने वाले कुल भारतीयों में से लगभग एक तिहाई आबादी राजधानी 'मैक्सिको सिटी' (Mexico City) में रहती है। इसके अलावा, जालिस्को राज्य के गुआडालाजारा (Guadalajara), न्यूवो लियोन राज्य के मॉन्टेरी (Monterrey) और क्वेरेटारो (Querétaro) जैसे बड़े शहरों में भारतीयों की अच्छी खासी बसावट है।
यहां रहने वाले अधिकतर भारतीय उच्च-कुशल पेशेवर (Highly skilled professionals) हैं, जो मुख्य रूप से आईटी (IT), फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल सेक्टर और व्यापार से जुड़े हुए हैं। ध्यान रहे है कि गुआडालाजारा को मैक्सिको की 'सिलिकॉन वैली' भी कहा जाता है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय टेक प्रोफेशनल्स काम करते हैं।
ड्रग कार्टेल की ओर से फैलाई जा रही यह हिंसा सीधे तौर पर विदेशियों या भारतीयों को निशाना बना कर नहीं की जा रही है। यह एल मेन्चो की मौत के बाद सेना और सरकार के खिलाफ कार्टेल की जवाबी कार्रवाई है। हालांकि, सबसे बड़ी चिंता का विषय 'भौगोलिक स्थिति' (Location) है।
गुआडालाजारा (जालिस्को) और मॉन्टेरी जैसे शहर, जहां भारतीयों की बड़ी आबादी है, इस समय हिंसा से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक हैं। कार्टेल के हथियारबंद गुंडों ने सड़कों पर ट्रक और बसें जला कर 'नार्को-ब्लॉकेड' (Narcobloqueos) लगा दिए हैं। ऐसे में सड़क पर निकलते समय 'क्रॉसफायर' या आगजनी की चपेट में आने का भारी खतरा बना हुआ है। कई इलाकों में सार्वजनिक परिवहन ठप है और लोगों में दहशत का माहौल है।
मैक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने हालात की गंभीरता और संभावित खतरे को देखते हुए तुरंत एक हाई-अलर्ट (Advisory) जारी किया है। दूतावास ने जालिस्को (खासकर प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और गुआडालाजारा), तामाउलिपास (रेनोसा), मिचोआकन, ग्युरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में रहने वाले सभी भारतीयों को सख्त हिदायत दी है कि:
घरों में रहें: वे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लें (Shelter in place) और अगले आदेश तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
भीड़ से बचें: पुलिस या सेना की कार्रवाई वाले इलाकों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों से पूरी तरह दूर रहें।
अपडेट रहें: स्थानीय समाचारों पर नजर रखें और प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय इमरजेंसी नंबर 911 पर कॉल करें।
संपर्क में रहें: फोन, टेक्स्ट या सोशल मीडिया के जरिए अपने परिवार और दोस्तों को अपनी सुरक्षित लोकेशन और खैरियत की जानकारी देते रहें।
किसी भी प्रकार की त्वरित मदद के लिए भारतीय दूतावास ने एक 24x7 इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 भी जारी किया है। फिलहाल मैक्सिको में किसी भी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। भारत सरकार और दूतावास लगातार वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।