बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह फरवरी में होने वाले आम चुनाव में हिस्सा लेने वाली थीं।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का निधन हो गया है। वह 80 साल की थीं। कई लोगों का मानना था कि वह फरवरी में होने वाले आम चुनाव में जीत दर्ज कर फिर से देश का नेतृत्व करेंगी। खलिदा का ढाका के अपोलो अस्पताल में लंबी बीमारी का इलाज के दौरान निधन हुआ।
खालिदा जिया बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की प्रमुख थीं। उन्होंने मंगलवार सुबह 6 बजे आखिरी सांस ली। उनकी पार्टी की ओर से बताया गया है कि वह दिल और फेफड़ों में इन्फेक्शन के कारण 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती हुईं थीं। पिछले 36 दिनों से उनका इलाज चल रह था।
बीएनपी की ओर से यह भी बताया गया कि फज्र (सुबह) की नमाज के ठीक बाद खालिदा जिया का निधन हो गया। पार्टी ने कहा- हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और सभी से उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं।
बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री जिया लंबे समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। वह लिवर सिरोसिस, गठिया, मधुमेह और गुर्दे, फेफड़े, दिल व आंखों से संबंधित पुरानी बीमारियों से परेशान थीं।
खालिदा जिया ने बोगरा-7 सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। यह सीट बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह पार्टी के संस्थापक जियाउर रहमान का गृह क्षेत्र है। खालिदा जिया ने पहली बार 1991 में इस सीट से चुनाव जीता था और 1996 और 2001 में भी इसी सीट से जीत हासिल की थी।
खालिदा जिया की खराब स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद, पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी को आगे बढ़ाने का फैसला किया था। हालांकि, पार्टी ने यह भी कहा कि अगर खालिदा जिया चुनाव लड़ने में असमर्थ होती हैं, तो दूसरा उम्मीदवार मैदान में उतरेगा।
वह 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है। वह बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और मुस्लिम दुनिया में बेनजीर भुट्टो के बाद दूसरी महिला प्रधानमंत्री हैं।