विदेश

भारत पर आतंकी हमलों की साजिश कर रहा है मोस्ट वॉन्टेड हाफिज़ सईद, खुफिया रिपोर्ट से हुआ खुलासा

खुफिया रिपोर्ट से एक बड़ा खुलासा हुआ है। मोस्ट वॉन्टेड आतंकी हाफिज़ सईद भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश कर रहा है। क्या है उसका प्लान? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
Nov 10, 2025
Hafiz Saeed
Hafiz Saeed (Photo - ANI)

पाकिस्तान (Pakistan) के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) का सरगना हाफिज़ सईद (Hafiz Saeed), भारत (India) में मोस्ट वॉन्टेड आतंकी है। भारत के खिलाफ अब तक वह कई बार साजिश कर चुका है। 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने ही अंजाम दिया था और इसका मास्टरमाइंड सईद ही था। इसी बीच खुफिया रिपोर्ट सामने आई है, जिससे खुलासा हुआ है कि सईद भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश कर रहा है।

भारत पर आतंकी हमलों की साजिश

भारत की खुफिया एजेंसियों की खुफिया रिपोर्ट से एक बड़ा खुलासा हुआ है। इसके अनुसार सईद एक बार फिर भारत को निशाना बनाने की खतरनाक साजिश रच रहा है। सईद, भारत पर आतंकी हमलों की प्लानिंग कर रहा है।

सैफुल्लाह कसूरी ने फिर उगला जहर

लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी (Saifullah Kasuri) ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। 30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमीवाली में उसने एक रैली की। इस रैली में उसने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "हाफिज़ सईद चुप नहीं बैठा है। वह बांग्लादेश के रास्ते भारत पर हमले की तैयारी कर रहा है।" इस रैली में सैफुल्लाह ने लोगों को जिहाद के लिए उकसाया और भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आह्वान किया। इसके बाद ही भारतीय खुफिया एजेंसियों ने सईद की साजिश के बारे में जांच की और पता लगाया कि वह, भारत पर आतंकी हमले की साजिश कर रहा है।

बांग्लादेश को लॉन्चपैड की तरह किया जा सकता है इस्तेमाल

भारत की खुफिया एजेंसियों की खुफिया रिपोर्ट के अनुसार सईद, भारत पर आतंकी हमलों के लिए बांग्लादेश (Bangladesh) को लॉन्चपैड की तरह इस्तेमाल कर सकता है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान और बांग्लादेश के संबंध काफी मज़बूत हुए हैं। सईद के करीबी सहयोगी इब्तिसाम इलाही जहीर (Ibtisam Elahi Zaheer) को कुछ समय पहले ही बांग्लादेश में देखा गया है। वह पाकिस्तान की मरकज़ी जमीयत अहल-ए-हदीस का महासचिव है और सईद के साथ 24 सालों से जुड़ा हुआ है। जहीर को संयुक्त राष्ट्र ने आतंकी घोषित किया हुआ है। वह 25 अक्टूबर को बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंचा और भारत-बांग्लादेश बॉर्डर से लगे जिलों का मुआयना किया।

नॉर्थईस्ट है निशाना?

जहीर के भारत-बांग्लादेश बॉर्डर से लगे जिलों का मुआयना करने से लग रहा है कि सईद का निशाना नॉर्थईस्ट है। खुफिया रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि जहीर बांग्लादेश में स्थानीय कट्टरपंथी गिरोहों के साथ गुप्त बैठकें कर रहा है और सईद की साजिश को आगे बढ़ाने की प्लानिंग कर रहा है, जिससे नॉर्थईस्ट में आतंकी हमलों को अंजाम दिया जा सके। हालांकि भारतीय सरकार और सेना पूरी तरह से अलर्ट है।

Updated on:
10 Nov 2025 11:54 am
Published on:
10 Nov 2025 11:54 am