Israel-Hezbollah War: ईरान और अमेरिका के बीच सीज़फायर हो गया है, लेकिन अब इज़रायल ने लेबनान पर हमले बढ़ा दिए हैं। ऐसे में लेबनान के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह ने इज़रायल को धमकी दी है।
अमेरिका (United States Of America) और इज़रायल (Israel) के ईरान (Iran) के खिलाफ चल रहे युद्ध में 2 हफ्ते का सीज़फायर लागू हो गया है और दोनों पक्षों की तरफ से हमले अब बंद हो गए हैं। युद्ध के दौरान इज़रायल ने लेबनान (Lebanon) पर भी हमलों का सिलसिला फिर से शुरू कर दिया था, जो अभी भी जारी है। सीज़फायर के तहत ईरान ने मांग की थी कि लेबनान पर हमले रुके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अमेरिका और इज़रायल के अनुसार सीज़फायर समझौते में लेबनान शामिल नहीं था, जबकि ईरान ने इसे एक अहम शर्त बताया है। लेबनान पर हमलों के बीच हिज़बुल्लाह (Hezbollah) ने इज़रायल को धमकी दी है।
इज़रायल के लगातार हो रहे हमलों की वजह से लेबनान में जान-माल का काफी नुकसान हो रहा है। यूएन (UN) के साथ ही कई देश ईरान और अमेरिका के बीच सीज़फायर में लेबनान को शामिल करने की मांग उठा रहे हैं। हिज़बुल्लाह पर हमलों को रोकना भी ईरान की शर्तों में से एक था, लेकिन लगता है कि इसी शर्त को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ किया गया। इसी बीच अब लेबनान के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह ने इज़रायल को धमकी दे दी है। हिज़बुल्लाह ने साफ कर दिया है कि अगर इज़रायल ने लेबनान पर हमले बंद नहीं किए, तो करारा जवाब देंगे।
इसी बीच अब हिज़बुल्लाह ने इज़रायल पर रॉकेट्स दागे हैं। हिज़बुल्लाह ने देश के उत्तरी इलाकों को निशाना बनाया। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़रायल का युद्ध शुरू होने के बाद से यह मौका है जब हिज़बुल्लाह ने इज़रायल पर हमला किया है। युद्ध के दौरान इज़रायल ने लेबनान पर कई हमले करते हुए देश को दहला दिया है और अब हमले और तेज़ हो गए हैं। इज़रायल का कहना है कि हिज़बुल्लाह को खत्म करने और क्षेत्रीय शांति के लिए ये हमले ज़रूरी हैं।