विदेश

चीन में मिली 10 लाख साल पुरानी इंसानी खोपड़ी, हुआ बड़े राज़ का खुलासा

Big Discovery: चीन में वैज्ञानिकों ने 10 लाख साल पुरानी ऐसी चीज़ की खोज की है जिसने उन्हें हैरान कर दिया है। इस खोज से इंसानी जीवन के बारे में एक बड़े राज़ का खुलासा हुआ है।
2 min read
Sep 27, 2025
10 lakh years old human skull
10 lakh years old human skull (Photo - Live Science)

चीन (China) के हुबेई प्रांत से दशकों पहले हुई एक खोज ने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है। वैज्ञानिकों को 10 लाख साल पुरानी इंसानी खोपड़ी (Human Skull) मिली है, जो कुछ हद तक चपटी है। चीन की शांक्सी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर शियाओबो फेंग की टीम और लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के पेलियोएंथ्रोपोलॉजिस्ट क्रिस स्ट्रिंगर ने डिजिटल रिकंस्ट्रक्शन से पाया कि करीब 10 लाख साल पुरानी यह इंसानी खोपड़ी, डेनिसोवन और ‘ड्रैगन मैन’ वंश का हिस्सा था। इसका मतलब है कि मानव प्रजातियों का विभाजन पहले से कहीं ज़्यादा पुराना और जटिल है। इस बड़े राज़ के खुलासे ने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है।

एडवांस टेक्नोलॉजी से रिसर्च

1989-90 में यूनशियान इलाके से मिली दो खोपड़ियों में से बेहतर संरक्षित यूनशियान-2 पर एडवांस टेक्नोलॉजी से रिसर्च की गई। पहले इसे होमो इरेक्टस माना गया था, लेकिन नई रिसर्च से पता चला है कि इसके लक्षण ‘ड्रैगन मैन’ (होमो लॉन्गी) और डेनिसोवन से मेल खाते हैं।

रिसर्च में पता चली एक और हैरान करने वाली बात

रिसर्च से संकेत मिला है कि डेनिसोवन और आधुनिक मानव के साझा पूर्वज करीब 13.2 लाख वर्ष पहले अस्तित्व में थे, जबकि निएंडरथल इससे और पहले अलग हो गए थे। इस खोज से वैज्ञानिकों को हैरानी तो हुई ही, साथ ही इंसानी जीवन के बारे में नई बात भी पता चली।

मानव उत्पति को समझने में बड़ी प्रगति

इस रिसर्च ने पारंपरिक मान्यता को चुनौती दी है, जिसमें मानव, निएंडरथल और डेनिसोवन के बीच विभाजन केवल 5–7 लाख साल पहले माना जाता था। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह निष्कर्ष सही है तो मानव उत्पत्ति की समयरेखा लगभग 4 लाख साल पीछे चली जाती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इन तीनों समूहों के साझा पूर्वज संभवतः होमो इरेक्टस थे। यह रिसर्च साइंस जर्नल में प्रकाशित हुई है। इसे मानव विकास के मिडिल पीरियड की पहेलियों को सुलझाने की दिशा में बड़ी प्रगति माना जा रहा है।

Published on:
27 Sept 2025 09:47 am