विदेश

इंडोनेशिया में भीषण ट्रेन हादसा, आमने-सामने भिड़ी दो ट्रेनें, 14 लोगों की दर्दनाक मौत

Indonesia Train Accident Video: इंडोनेशिया के जकार्ता के पास दो ट्रेनों की भीषण टक्कर में 14 लोगों की मौत और 81 घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
Apr 28, 2026
Feature image
इंडोनेशिया में ट्रेन हादसा (Video Screenshot)

Indonesia Train Accident: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास हुए एक भीषण रेल हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। देर रात दो ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 81 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

घायलों का इलाज जारी

इंडोनेशिया की मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों की संख्या 14 हो चुकी है और घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि बचाव दल मलबे में फंसे दो लोगों को जिंदा निकालने की कोशिश कर रहा है।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

इस हादसे में बची एक यात्री ने अपनी आपबीती बताई, उन्होंने बताया कि यह अनुभव बेहद डरावना था। 29 साल की सौसान सारिफाह ने बताया कि वह काम से घर लौट रही थीं। उनकी ट्रेन जकार्ता से करीब 25 किलोमीटर दूर बेकासी तिमूर स्टेशन पर रुकी हुई थी। सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। ट्रेन में दो बार अनाउंसमेंट हुआ और लोग उतरने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। हमें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। कई लोग डिब्बों के अंदर ही फंस गए। सौसान ने कहा, मुझे लगा कि मैं दम घुटने से मर जाऊंगी। मुझे नहीं पता कि मेरे नीचे दबे लोग जिंदा हैं या नहीं।

क्या थी हादसे की वजह?

रेलवे कंपनी के प्रवक्ता फ्रानोटो विबोवो के अनुसार, एक टैक्सी ने रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन को हल्का टक्कर मार दी थी। इससे ट्रेन ट्रैक पर रुक गई। इसी दौरान दूसरी तेज रफ्तार ट्रेन पीछे से आकर उससे टकरा गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के तुरंत बाद बचाव दल, सेना और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को निकालने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाए गए और एंबुलेंस की लंबी कतार लग गई। बचावकर्मी मलबे से लोगों को स्ट्रेचर पर निकालकर अस्पताल पहुंचा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, वहां सैकड़ों लोग जमा हो गए थे, जिनमें कई लोग सदमे में थे।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कई लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

इंडोनेशिया में रेल हादसे कोई नई बात नहीं हैं। जनवरी 2024 में पश्चिम जावा में हुए एक ट्रेन हादसे में 4 कर्मचारियों की मौत हो गई थी। वहीं, साल 2015 में जकार्ता में एक कम्यूटर ट्रेन और मिनीबस की टक्कर में 16 लोगों की जान चली गई थी।


Updated on:
28 Apr 2026 09:23 am
Published on:
28 Apr 2026 08:00 am