विदेश

‘हमने फिर कर दिखाया’ – ईरान ने दी अमेरिका को बड़ी चुनौती, F-16 को निशाना बनाने का दावा

Iran IRGC Claims: ईरान के IRGC का नया दावा: अमेरिकी F-16 फाइटर जेट मार गिराया, जंग में कई एडवांस्ड विमानों को नष्ट करने का ऐलान।
2 min read
Mar 28, 2026
US F-16 Shot
F-16 फाइटर जेट (फाइल फोटो)

US F-16 Shot Down: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका को एक बार फिर बड़ी चुनौती देते हुए दावा किया है कि उसने अमेरिकी F-16 फाइटर जेट को निशाना बनाकर मार गिराया है। ईरानी मीडिया में प्रसारित बयान में IRGC ने इसे हमने फिर कर दिखाया की तर्ज पर पेश किया। यह दावा अमेरिका-इजराइल के साथ चल रही मध्य पूर्व की जंग के बीच आया है, जो 28 फरवरी 2026 से जारी है।

अमेरिका के दो दर्जन से ज्यादा विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त

IRGC के अनुसार, ईरान की स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी विमान को सफलतापूर्वक टारगेट किया। इससे पहले ईरान ने F-35 स्टील्थ फाइटर जेट, F-15 और अन्य कई विमानों को मार गिराने का दावा किया था। ईरानी सूत्रों का कहना है कि जंग शुरू होने के बाद अब तक अमेरिका के दो दर्जन से ज्यादा विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें F-15, F-16 और F-35 शामिल हैं। IRGC ने दावा किया कि उसकी एडवांस्ड सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम ने इन विमानों को होर्मुज स्ट्रेट और ईरान के दक्षिणी तट के पास निशाना बनाया।

कुछ घटनाओं का वीडियो फुटेज जारी

ईरानी मीडिया ने कुछ घटनाओं का वीडियो फुटेज भी जारी किया है, हालांकि इनमें स्वतंत्र सत्यापन की कमी है। तेहरान टाइम्स और अन्य सरकारी चैनलों ने इसे अमेरिकी आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब बताया। ईरान का कहना है कि उसकी मिसाइल सिटी और स्वदेशी रक्षा प्रणालियां अमेरिकी वायुसेना की श्रेष्ठता को चुनौती दे रही हैं।

अमेरिका का खंडन, दावे बिना सबूत

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के सभी ऐसे दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। CENTCOM के प्रवक्ता ने कहा, यह जानकारी गलत है। कोई भी अमेरिकी फाइटर जेट ईरान द्वारा मार गिराया नहीं गया। F-35 मामले में अमेरिका ने स्वीकार किया था कि विमान इमरजेंसी लैंडिंग पर मजबूर हुआ, लेकिन इसे शॉट डाउन बताने से इनकार किया। F-18 या F-16 संबंधी दावों पर भी पेंटागन ने इसे प्रोपगैंडा करार दिया।

Updated on:
28 Mar 2026 10:50 pm
Published on:
28 Mar 2026 10:50 pm