विदेश

Iran- US- War: ईरानी सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह कर रहा अमेरिका, तीसरे हमले से चाबहार समुद्री नियंत्रण टॉवर किया नष्ट

Iran-US-War: अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर हमले जारी रखे है। अमेरिका इन हमलों के जरिए ईरान के सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। इसी के चलते अमेरिका ने चाबहार के समुद्री कंट्रोल टॉवर पर लगातार तीसरी बार हमला किया।
2 min read
Jul 17, 2026
Chabahar maritime control tower
ईरान का चाबहार समुद्री नियंत्रण टावर (फोटो- Tasnim News Agency एक्स पोस्ट)

Iran-US-War: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। दोनों देशों के बीच चल रही कार्रवाई का असर अब सिविलियन इलाकों और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी दिखाई देने लगा है। दक्षिणी ईरान में अमेरिका ने लगातार छठी रात बड़े हमले किए, जिनमें बिजली सुविधाओं, ट्रेन स्टेशन और अन्य सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचने की खबरे सामने आई है। इस दौरान अमेरिका ने चाबहार के समुद्री रास्तों की निगरानी करने वाले कंट्रोल टॉवर पर भी एक सप्ताह के भीतर तीसरी बार हमला किया और आखिरकार इस टॉवर को नष्ट कर दिया। इसके साथ ही अमेरिका ने कई अन्य सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाने का दावा किया है। इन घटनाओं के चलते क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है।

सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़े हमले

दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास से मिली जानकारी के अनुसार अमेरिकी हमलों में बिजली से जुड़ी सुविधाएं और एक ट्रेन स्टेशन भी प्रभावित हुए हैं। इन हमलों से आम लोगों के लिए जरूरी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी मेहर के मुताबिक, चाबहार में समुद्री रास्तों की निगरानी करने वाले कंट्रोल टॉवर पर भी मिसाइल हमला किया गया। पिछले एक सप्ताह के दौरान इस टॉवर पर यह तीसरा हमला बताया गया है। लगातार हो रहे हमलों से इलाके में सुरक्षा और सामान्य कामकाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

CENTCOM ने सफलतापूर्वक हमलों का दावा किया

वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अपनी सेना द्वारा ईरान के खिलाफ ताजा बड़े हमलों का दौर सफलतापूर्वक पूरा किए जाने का दावा किया है। बयान के अनुसार फाइटर जेट, ड्रोन और युद्धपोतों की मदद से दर्जनों सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए गए। इनमें तटीय निगरानी केंद्र, एयर डिफेंस सिस्टम, सैन्य लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर और समुद्री क्षमता से जुड़े ठिकाने शामिल हैं। CENTCOM ने कहा कि यह ईरान के खिलाफ लगातार छठी रात की कार्रवाई थी और इसका उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना है। अमेरिका का यह भी कहना है कि हाल के वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के लिए ईरान को जवाबदेह ठहराया जा रहा है।

कतर में भी बढ़ा तनाव, ट्रंप ने किया बड़ा दावा

ईरान भी लगातार इन हमलों की जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इस दौरान ईरान द्वारा कतर पर भी कई हमले किए गए। कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी सेना कई हवाई हमलों को रोकने की कार्रवाई कर रही है। कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे से एक बच्चा घायल हुआ, जिसका इलाज चल रहा है। मंत्रालय ने लोगों से केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ चल रहे संघर्ष में बढ़त बनाए हुए है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द इस अभियान के नतीजे दुनिया के सामने दिखाई देंगे।

Updated on:
17 Jul 2026 10:01 am
Published on:
17 Jul 2026 09:04 am