
अमेरिका की फ्लोरिडा A&M यूनिवर्सिटी के पास गोलीबारी (फोटो सोर्स-@BrJROT)
Florida A&M University Shooting Case: अमेरिका के फ्लोरिडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तल्हासी स्थित फ्लोरिडा एग्रीकल्चरल एंड मैकेनिकल यूनिवर्सिटी (FAMU) कैंपस के पास शनिवार रात एक पार्टी के दौरान भीषण गोलीबारी हो गई। इस वारदात में 11 साल के मासूम बच्चे समेत 11 लोगों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति झड़प के दौरान घायल हो गया। कम से कम तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा यूनिवर्सिटी के पास स्थित पेरी स्ट्रीट पर हुआ, जहां होमकमिंग सेलिब्रेशन के तहत एक पार्टी रखी गई थी। शनिवार रात करीब 8 बजे से ठीक पहले दो से तीन लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते यह बहस शारीरिक झड़प और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं, जिससे वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगें।
तल्हासी पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस घटना में कुल 12 लोग शामिल हैं, जिनमें 6 वयस्क और 6 नाबालिग शामिल हैं। गोली लगने वालों में सबसे कम उम्र का पीड़ित महज 11 साल का बच्चा है। तल्हासी पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह जानकर बहुत दर्द होता है कि इस हिंसा का शिकार छोटे बच्चे भी बने हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों में से 3 लोगों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है, जबकि बाकी 9 लोगों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद फ्लोरिडा A&M यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर बयान जारी कर संवेदना जताई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा, 'हमारे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा ही हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।' यूनिवर्सिटी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति उस इलाके में मौजूद है, तो वह किसी सुरक्षित जगह पर रहे। जरूरत पड़ने पर घर या किसी इमारत के अंदर शरण ले। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, ब्रैग स्टेडियम और पेरी स्ट्रीट के आसपास पुलिस की कार्रवाई जारी है। ऐसे में लोगों को इस इलाके से दूर रहने और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Updated on:
25 Oct 2026, 12:51 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 12:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.