Iran-US Israel War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लगातार धमकियों के बीच ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर ग़ालिबफ ने चेतावनी दी है। क्या कहा गालिबफ ने? आइए नज़र डालते हैं।
ईरान-अमेरिका इज़रायल युद्ध (Iran-US Israel) गंभीर होता जा रहा है। आज इस युद्ध का 38वां दिन है। अब अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) खोलने और युद्ध खत्म करने के लिए समझौता करने के लिए कहा है और अगर ऐसा नहीं हुआ, तो ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों को तबाह करने की धमकी दी है। ट्रंप की धमकी का ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गालिबफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने जवाब दिया है।
ट्रंप की धमकी का जवाब देते हुए गालिबफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "डोनाल्ड ट्रंप के लापरवाह कदमों के कारण अमेरिका हर परिवार के लिए एक जीता-जागता नर्क बन रहा है।"
गालिबफ ने अपनी पोस्ट में इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर भी निशाना साधा। गालिबफ ट्रंप को चेतावनी देते हुए लिखा, "अगर आप नेतन्याहू के आदेशों का पालन करते रहे, तो हमारा पूरा क्षेत्र जल जाएगा।"
गालिबफ ने अपनी पोस्ट में ट्रंप के लिए आगे लिखा, "यह बात बिल्कुल साफ तौर पर समझ लें, युद्ध के अपराधों से आपको कुछ भी हासिल नहीं होगा।"
ईरान ने इस युद्ध की शुरुआत से ही दावा किया है कि इज़रायल ने अमेरिका को युद्ध में घसीटा है। ईरान ने दावा किया है कि नेतन्याहू ने अपने फायदे के लिए अमेरिका को ईरान के खिलाफ युद्ध लड़ने के लिए राज़ी किया। हालांकि ट्रंप और नेतन्याहू ने ईरान के इस दावे का खंडन किया है। गालिबफ ने साफ कर दिया कि ईरानी जनता के अधिकारों का सम्मान करना और इस खतरनाक युद्ध को खत्म करना ही इसका एकमात्र समाधान है।