विदेश

इज़रायल ने फिर किया सीज़फायर तार-तार, एयरस्ट्राइक्स से लेबनान में मचाई तबाही

Israel Violates Ceasefire Again: इज़रायल और लेबनान में सीज़फायर का उल्लंघन जारी है। इज़रायली सेना ने एक बार फिर लेबनान में एयरस्ट्राइक्स करते हुए तबाही मचा दी है।
2 min read
May 18, 2026
Israel carries out airstrikes in Lebanon
Israel carries out airstrikes in Lebanon

इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच युद्ध रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। पहले लागू हुए सीज़फायर को इज़रायल ने कई बार तार-तार किया। कुछ दिन पहले ही दोनों देशों के बीच 45 दिन के सीज़फायर की घोषणा की गई थी, लेकिन इज़रायल इसका भी पालन नहीं कर रहा है। इज़रायली सेना की तरफ से लेबनान के साथ सीज़फायर का उल्लंघन जारी है।

इज़रायल ने एयरस्ट्राइक्स से मचाई तबाही

लेबनानी सूत्रों के अनुसार रविवार को साउथ लेबनान में इज़रायली सेना ने एक बार फिर सीज़फायर का उल्लंघन किया और हमले तेज़ कर दिए। इज़रायली सेना ने कई जगह एयरस्ट्राइक्स करते हुए तबाही मचा दी जिससे जान-माल का नुकसान हुआ।

5 लोगों की हुई मौत

साउथ लेबनान में इज़रायली सेना की एयरस्ट्राइक्स में 5 लोगों की मौत हो गई। लेबनानी सूत्रों के अनुसार मारे गए लोगों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

15 लोग घायल

इज़रायली हमलों में 15 लोग घायल भी हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में भी बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।

इज़रायली हमलों में बढ़ रहा है मरने वालों का आंकड़ा

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि 2 मार्च से अब तक इज़रायली हमलों की वजह से लेबनान में 2,988 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं 9,210 लोग इज़रायली हमलों में घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों में सिर्फ हिज़बुल्लाह आतंकी नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में निर्दोष लोग भी शामिल हैं।

हिज़बुल्लाह भी कर रहा है जवाबी हमले

इज़रायल को जवाब देने के लिए हिज़बुल्लाह भी पूरी तरह से एक्टिव है और क्षेत्र में इज़रायली सैनिकों पर हमला करने के साथ ही नॉर्थ इज़रायल में समय-समय पर ड्रोन अटैक्स कर रहा है। हिज़बुल्लाह ने बयान जारी कर कहा कि उसके लड़ाकों ने रविवार को एक इज़रायली सैन्य वाहन पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया और बयादा शहर में इज़रायली सैनिकों की एक टुकड़ी पर हमला किया। हालांकि इज़रायली सेना के लगातार हमलों के आगे हिज़बुल्लाह को कुछ खास कामयाबी नहीं मिल रही।

Published on:
18 May 2026 07:43 am