विदेश

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जैश के आतंकी मौजूद, जैश कमांडर मसूद इलियास का बड़ा खुलासा

Pakistan Occupied Kashmir: जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने PoJK के रावलाकोट में संगठन के हथियारबंद आतंकियों की मौजूदगी स्वीकार की है। उसने पाकिस्तानी सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात का भी खुलासा किया।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 1:16 PM IST
Terrorists
आतंकी (Representational Photo)

Jaish e Mohammad: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में जैश-ए-मोहम्मद के हथियारबंद आतंकियों की मौजूदगी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। आतंकी संगठन के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने इस्लामाबाद में दिए भाषण के दौरान स्वीकार किया कि रावलाकोट में उसके संगठन के हथियारबंद सदस्य मौजूद हैं। उसने पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात की बात भी मानी। कश्मीरी ने पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की कार्यक्षमता पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शनकारियों की हत्या की कथित साजिश का आरोप भी लगाया है।

रावलाकोट में हथियारबंद आतंकियों की मौजूदगी मानी

जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें उसने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के रावलाकोट में उसके संगठन के हथियारबंद सदस्य मौजूद हैं। कश्मीरी ने बताया कि उसके संगठन के कुछ हथियारबंद सदस्य उसी समुदाय से आते हैं, जिसके लोग जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के विरोध प्रदर्शनों में शामिल हैं। इन प्रदर्शनों को लेकर संगठन का रुख साफ करने के लिए उसने इस्लामाबाद में पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात की थी।

पाकिस्तान सरकार पर लगाया हत्या की योजना बनाने का आरोप

अपने भाषण में जैश कमांडर ने पाकिस्तान की सत्ता में बैठे लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि सरकार में शामिल लोगों ने एक्शन कमेटी के नेताओं और रावलाकोट में प्रदर्शन कर रहे लोगों को मारने का फैसला किया है। कश्मीरी ने पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उसने पूछा कि सुरक्षा एजेंसियां कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान क्यों नहीं कर पा रही हैं।

उसने विरोध प्रदर्शनों के दौरान रेंजर्स के जवानों की हत्या में कथित तौर पर शामिल लोगों की पहचान नहीं कर पाने को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियों की क्षमता पर सवाल खड़े किए।

ऑपरेशन सिंदूर में नुकसान की बात भी कबूली थी

मसूद इलियास कश्मीरी का यह पहला ऐसा बयान नहीं है, जिसमें उसने जैश-ए-मोहम्मद को हुए नुकसान की बात स्वीकार की हो। साल 2025 में आजतक ने उसका एक वीडियो सामने रखा था। इसमें उसने भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने संगठन को हुए नुकसान की बात मानी थी। यह वीडियो बालाकोट में आयोजित एक सभा का था। इसमें कश्मीरी ने 7 मई 2025 को भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। इस दौरान बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय को निशाना बनाया गया था।

उसने दावा किया था कि इस हमले में जैश सरगना मौलाना मसूद अजहर के परिवार के सदस्य 'रेजा-रेजा' यानी टुकड़े-टुकड़े हो गए थे। अब इसी कमांडर ने PoJK के रावलाकोट में अपने संगठन के हथियारबंद सदस्यों की मौजूदगी स्वीकार की है। उसके इस बयान में पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के साथ संगठन के संपर्क की बात भी सामने आई है।

Updated on:
24 Nov 2026, 1:16 PM IST
Published on: