
US Vice President JD Vance on Jared Kushner and Steve Witkoff: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मीडिया रिपोर्ट को पूरी तरह गलत बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ ने अमेरिका-ईरान बातचीत से आर्थिक फायदा उठाने की कोशिश की। जेडी वेंस ने कहा कि उन्हें ईरान से ऐसा कोई निजी संदेश कभी नहीं मिला।
सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, 'यह पूरी तरह फर्जी है। मुझे ऐसा कोई संदेश कभी नहीं मिला।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर मुझे ऐसा कोई संदेश मिला होता, तो मैं यही कहता कि जेरेड और स्टीव राष्ट्रपति की टीम के भरोसेमंद सदस्य हैं। मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए इन दोनों से अधिक किसी ने काम नहीं किया है। यह कहना कि वे अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर वित्तीय लाभ कमा रहे हैं, पूरी तरह बेतुका है।'
जेडी वेंस ने यह भी लिखा, 'मैं अक्सर ऐसी बहुत सी बकवास बातें देखता हूं और आमतौर पर उन्हें नजरअंदाज कर देता हूं। लेकिन स्टीव और जेरेड अच्छे लोग हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है।'
बता दें कि मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी लोगों, खासकर जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ द्वारा कथित 'मार्केट मैनिपुलेशन' से 9 अरब अमेरिकी डॉलर का मुनाफा होने का अनुमान लगाया है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि ईरान ने इस राशि में से 4.5 अरब डॉलर मध्यस्थों के जरिए ईरान को दिए जाने की औपचारिक मांग की थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने 'ड्रॉप साइट' समाचार वेबसाइट को दी थी।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि स्विट्जरलैंड में हुई वार्ता के दौरान ईरान ने निजी तौर पर वेंस को चेतावनी दी थी कि कुशनर और विटकॉफ वार्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं और समझौता कराने की बजाय वित्तीय बाजारों में अंदरूनी जानकारी का फायदा उठाकर मुनाफा कमाने में अधिक रुचि रखते हैं।
हालांकि, वेंस ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें ऐसा कोई संदेश कभी नहीं मिला। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कुशनर और विटकॉफ को राष्ट्रपति ट्रंप की टीम के भरोसेमंद सदस्य बताया, जिन्होंने क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए काम किया है।