17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

US Strikes on Iran: अमेरिकी हमलों में 3 की मौत, ईरान ने लगाया नागरिक ढांचे को निशाना बनाने का आरोप

US- Iran War: अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर हमले किए। ईरान ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। हमलों में 3 लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
2 min read
Google source verification
Iran US Conflict

अमेरिका ने गुरुवार को लगातार छठी रात ईरान पर हमले किए । (Photo- X/@AryJeayBackup)

US Iran Conflict: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका ने लगातार छठी रात ईरान पर हमले किए। तेहरान का आरोप है कि अमेरिका ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

ईरान के सरकारी मीडिया संस्थान इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के अनुसार, अमेरिका के ताजा हमलों में ईरान के होरमुजगान प्रांत के कई स्थानों को निशाना बनाया गया।

IRIB के मुताबिक, बंदर खमीर काउंटी में कोहूरेस्तान गांव के पास स्थित दो पुलों और शोर नदी के निकट बने एक पुल पर हवाई हमले किए गए। वहीं, बंदर अब्बास के तप्पे अल्लाह अकबर इलाके पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

होरमुजगान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि घायलों में सात लोगों को विस्फोट से संबंधित चोटें आईं, जबकि एक व्यक्ति की हड्डियां टूट गईं। एक अन्य घटना में IRIB ने बताया कि बंदर अब्बास रेलवे जंक्शन स्टेशन को भी निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

होरमुजगान प्रांतीय प्रशासन ने बताया कि कोहोरेस्तान ब्रिज के अलावा गिरीवेह ब्रिज पर भी हमला किया गया। यह पुल प्रांत के प्रमुख परिवहन संपर्कों में से एक माना जाता है। प्रशासन के अनुसार, खमीर काउंटी में पुलों पर हुए हमलों में दो लोगों की मौत हुई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

'ईरान की सैन्य क्षमताओं को कम करने के लिए हमले'

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना था। वाशिंगटन का दावा है कि तेहरान हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहा है।

CENTCOM ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आज दोपहर 2 बजे (ईटी) अमेरिकी बलों ने लगातार छठी रात ईरान के खिलाफ नए हमले शुरू किए, जिनका उद्देश्य उसकी सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करना है।'

समझौता चाहता है ईरानः कैरोलिन लेविट

अमेरिका द्वारा किए गए हमलों के कुछ घंटों पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा, 'ईरान लगातार अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है और यह जताता रहा है कि वह हमारे साथ समझौता करना चाहता है, क्योंकि हमारी अमेरिकी सेना की कार्रवाई के कारण उसे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।'