
पाकिस्तान (Pakistan) और अफगानिस्तान (Afghanistan) के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। जब से तालिबान (Taliban) की सत्ता में वापसी हुई है, तब से ही तनाव काफी बढ़ गया है। पिछले करीब दो साल में कई बार दोनों पक्षों में कई बार झड़पें हुई हैं। पाकिस्तान ने कई बार अफगानिस्तान पर हमले किए हैं और सोमवार की रात को भी ऐसा ही देखने को मिला। देर रात को पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल (Kabul) में एयरस्ट्राइक करते हुए हाहाकार मचा दिया। बताया जा रहा है कि एक नशा मुक्ति अस्पताल अस्पताल समेत 5 जगहों पर पाकिस्तान ने हमला किया, जिनमें राष्ट्रपति भवन और रक्षा विभाग के पास हमले भी शामिल हैं।
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से काबुल में जोरदार धमाके हुए। अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया। पाकिस्तान की इस एयरस्ट्राइक में 400 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई। 250 से ज़्यादा लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
तालिबान ने पाकिस्तान के इस हमले को अफगानिस्तान की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए इसे युद्ध का अपराध करार दिया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने इसकी कड़ी निंदा की है। वहीं दूसरे प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने भी इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि रमजान के महीने में बेगुनाहों की जान लेकर पाकिस्तान ने बहुत बड़ा जुर्म किया है। शाहीन ने पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
पाकिस्तान के इस हमले की निंदा अफगानिस्तान के कई क्रिकेटरों ने भी की है। राशिद खान (Rashid Khan), मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi), अज़मतुल्लाह उमरज़ई (Azmatullah Omarzai) समेत कई अफगान क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के इस हमले में बेगुनाह लोगों की जान जाने पर शोक व्यक्त किया है और पाकिस्तान की निंदा की। इसके साथ ही यूएन और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से भी पाकिस्तान के खिलाफ जांच की मांग की है।