विदेश

अंडमान सागर में बड़ा हादसा: म्यांमार जा रहा जहाज पलटा, 250 से ज्यादा लोग लापता

Rohingya Refugees Missing People: म्यांमार जा रहा एक जहाज अचानक अंडमान सागर में पलट गया, जिसमें रोहिंग्या रिफ्यूजी और बांग्लादेशी नागरिक सवार थे। बांग्लादेश कोस्ट गार्ड के अधिकारियों ने कंफर्म किया है कि… नीचे पढ़ें पूरी अपडेट।
2 min read
Apr 16, 2026
Rohingya Refugees Missing People
म्यांमार जा रही नाव हादसे का शिकार, 250 से ज्यादा लोग लापता (इमेज सोर्स: एक्स यूजर War Monito)

Bangladesh Migrants Missing Case: अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण सभी की नजरें इन दिनों समुद्री मार्ग खासकर होर्मुज स्ट्रेट की तरफ टिकी है। लेकिन इस बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है। अंडमान सागर में एक दर्दनाक हादसा हो गया, म्यांमार जा रही शरणार्थियों से भरी एक जहाज अचानक पलट गया। इस नाव में रोहिंग्या रिफ्यूजी और बांग्लादेशी नागरिक सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 250 से ज्यादा लोग लापता हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है।

बांग्लादेश कोस्ट गार्ड ने दी जानकारी

बांग्लादेश कोस्ट गार्ड के मुताबिक, 9 अप्रैल को समुद्र में बहते हुए नौ लोगों को बचाया गया। इनमें तीन रोहिंग्या और छह बांग्लादेशी नागरिक थे। इन्हें बांग्लादेश के जहाज MT मेघना प्राइड ने सुरक्षित निकाला।

अधिकारियों ने बताया कि बचाए गए लोगों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल थे। बाद में इन्हें टेकनाफ लाकर पुलिस को सौंप दिया गया। यह रेस्क्यू जहाज के क्रू ने खुद किया, क्योंकि हादसा बांग्लादेश के समुद्री इलाके के बाहर हुआ था।

कैसे पलटी जहाज? जानिए कारण

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज में ज्यादा भीड़ और खराब मौसम इस हादसे की वजह हो सकते हैं। वहीं, UNHCR और IOM ने बताया कि यह ट्रॉलर कॉक्स बाजार के टेकनाफ से बड़ी संख्या में लोगों को लेकर मलेशिया जा रहा था।

एजेंसियों का कहना है कि नाव में ज्यादा भीड़ थी और समुद्र में तेज हवाएं व खराब मौसम था। इसी वजह से नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गई। अभी तक यह साफ नहीं है कि हादसा ठीक कब हुआ और खोज-बचाव अभियान को लेकर भी कोई पक्की जानकारी नहीं दी गई है।

संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों ने बताया कि कई लोग विदेश में नौकरी और बेहतर जिंदगी के झूठे वादों में फंसकर ऐसे खतरनाक सफर पर निकल पड़ते हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है।

बता दें दुनिया भर से मदद की मांग भी तेज हो गई है। UNHCR और IOM ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए ज्यादा फंड और सहायता देने की अपील की है। बांग्लादेश में इस समय 10 लाख से ज्यादा रोहिंग्या रह रहे हैं, जो म्यांमार से भागकर आए हैं।

एजेंसियों ने कहा कि जब तक इन लोगों के लिए स्थायी समाधान और बेहतर हालात नहीं बनते, तब तक ऐसे जोखिम भरे सफर जारी रहेंगे और हादसे होते रहेंगे।

Updated on:
16 Apr 2026 06:50 pm
Published on:
16 Apr 2026 06:32 pm