
UFC Star Merab Dvalishvili: अबू धाबी के एक होटल की लॉबी में UFC के पूर्व बेंटमवेट चैंपियन मराब ड्वालिश्विली पर जानलेवा हमला हुआ है। मराब ने आरोप लगाया कि वह अपने साथी के साथ थे, तभी उस्मान नूरमगोमेदोव अपने 12 से 15 साथियों के साथ पहुंचे और पीछे से हमला कर दिया। घटना के बाद खून से लथपथ चेहरे का वीडियो साझा करते हुए मराब ने कहा, 'हम दो थे और आप 12 से 15 लोग। पीछे से हमला कौन करता है?' इस मामले में इलिया टोपोरिया ने हमलावरों की आलोचना की है, जबकि इस्लाम मखाचेव ने उस्मान का बचाव किया है।
यह पूरी वारदात इस वीकेंड होने वाले 'रियल अमेरिकन फ्रीस्टाइल (RAF)' फाइट कार्ड से ठीक पहले हुई। घटना के बाद मराब ड्वालिश्विली ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर पूरी आपबीती सुनाई। चेहरे पर लगे खून के निशानों के साथ मराब ने कहा कि वह और उनका एक साथी अबू धाबी आए थे। तभी PFL चैंपियन उस्मान नूरमगोमेदोव अपने 10-12 साथियों के साथ आए और पीछे से अचानक हमला बोल दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जम कर मारपीट हुई।
घटना के बाद मराब ने अपने चेहरे पर लगे खून और चोट के निशानों के साथ एक वीडियो शेयर किया। मराब ने कहा, 'हम सिर्फ दो लोग थे और तुम 12-15 लोग मिलकर पीछे से हमला कर रहे हो। यह किस तरह की फाइटिंग है? पीठ पीछे वार करने वाले कायर होते हैं। अगर लड़ना ही था तो सामने आकर लड़ते। नीचे गिरने के बाद भी हमें लातें मारी गई।' हालांकि, उन्होंने अपने परिवार और फैंस को तसल्ली देते हुए कहा कि वह एक फाइटर हैं और बिल्कुल ठीक हैं।
जॉर्जिया के स्टार फाइटर इलिया टोपोरिया ने इस घटना की सख्त लहजे में निंदा की है। उन्होंने उस्मान और उनके गुट की इस हरकत को 'पूरी तरह कायरता' करार दिया। इलिया के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही अबू धाबी की स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामले में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
एक तरफ जहां पूरा फाइटिंग वर्ल्ड इस हमले की आलोचना कर रहा है, वहीं UFC के दो डिवीजन के चैंपियन इस्लाम मखाचेव अपने साथी उस्मान नूरमगोमेदोव के समर्थन में उतर आए हैं। मखाचेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा कि इस पूरे विवाद की शुरुआत खुद मराब ने की थी। मखाचेव का कहना था, 'जो लोग आज उस्मान को बुरा-भला कह रहे हैं, वे तब चुप क्यों थे जब मराब ने अपने देश में एक दागेस्तानी पहलवान पर बिना वजह हमला किया था और उसकी मां का अपमान किया था? वह पहलवान सिर्फ बात करने आया था। मराब ने जो बीज बोया था, आज उसी का फल मिला है।'