विदेश

मिडिल-ईस्ट में होने वाला है एक और वॉर? लेबनान के PM ने इजरायल को दी चेतावनी

Lebanon PM Nawaf Salam: अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच क्या मिडिल-ईस्ट में एक और जंग छिड़ने वाली है? हाल ही में लेबनान के प्रधानमंत्री ने इजरायली हमलों की कड़ी निंदा की है।
2 min read
Aug 01, 2026
Israel-Lebanon Conflict
फोटो में इजरायल के पीएम नेतन्याहू और लेबनान के पीएम नवाफ सलाम (सोर्स: ANI)

Israel-Lebanon Conflict: मिडिल-ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बढ़ती तनातनी के बीच अब लेबनान और इजरायल के बीच भी हालात चिंताजनक हो गए हैं। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस तरह के हमले क्षेत्र में बड़ा संकट पैदा कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नवाफ ने इजरायल पर आरोप लगाया कि उसकी कार्रवाई मौजूदा सीजफायर समझौते और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। वहीं, इजरायल का कहना है कि उसकी सैन्य कार्रवाई का मकसद हिजबुल्लाह के ठिकानों को खत्म करना है और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

लेबनान PM ने इजरायली हमलों पर जताई चिंता

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दक्षिणी लेबनान में लगातार हो रहे धमाके और सैन्य गतिविधियां सीजफायर के लिए खतरा हैं। इन हमलों से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। उनकी जान जा रही है। ऐतिहासिक जगहों को नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए देश की संप्रभुता और सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।

इजरायल ने हिजबुल्लाह के सुरंग नेटवर्क को बनाया निशाना

वहीं इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक बड़े सुरंग नेटवर्क को नेस्तनाबूत कर दिया गया है। इजरायली सेना के अनुसार, यह सुरंग नेटवर्क हिजबुल्लाह के कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से सैन्य अभियानों को नियंत्रित किया जाता था। ‘IDF’ का दावा है कि यह नेटवर्क कई स्तरों में बना हुआ था और इसे कई वर्षों में तैयार किया गया था। सेना ने कहा कि यहां से इजरायली सैनिकों और नागरिकों को निशाना बनाया जाता था। इजरायल ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी थी और इसका उद्देश्य किसी बड़े हमले को रोकना था।

रोम वार्ता से पहले बढ़ी चिंता

इजरायल और लेबनान के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत का अगला दौर अगस्त में रोम में होने वाला है। ऐसे समय में दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव चिंता बढ़ा रहा है। लेबनान सीजफायर समझौते का पालन करने की बात कह रहा है, जबकि इजरायल का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। ऐसे में देखा जाए तो मिडिल ईस्ट पहले से ही कई संकटों से गुजर रहा है। ऐसे में लेबनान और इजरायल के बीच बढ़ता तनाव चिंता पैदा कर रहा है।