North Korea: उत्तर कोरिया ने प्योंगयांग से 10 मिसाइलें पूर्वी सागर की ओर दागीं, जापान और दक्षिण कोरिया सतर्क। अमेरिका के साथ जानकारी साझा, क्षेत्रीय तनाव बढ़ा।
North Korea missile launch: मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने शनिवार दोपहर 1:20 बजे राजधानी प्योंगयांग के सुनान इलाके से 10 मिसाइलें पूर्वी सागर की तरफ दागीं। इस कदम ने पड़ोसी देशों में सुरक्षा चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण कोरियाई सेना ने बताया कि मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से सटे समुद्री क्षेत्र में गिरीं। जापान के कोस्ट गार्ड ने भी पुष्टि की कि मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्र में ही गिर गईं।
जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर संक्षिप्त जानकारी साझा की और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। इसमें बताया गया कि विमानों, जहाजों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और जनता को समय पर सूचना दी जाएगी।
दक्षिण कोरिया के जॉइट चीफ ऑफ स्टॉफ ने कहा कि वे निगरानी और सतर्कता बढ़ा रहे हैं। मिसाइल प्रक्षेपण की जानकारी अमेरिका और जापान के साथ साझा की जा रही है। यह उत्तर कोरिया का 47 दिन में पहला प्रक्षेपण है।
यह प्रक्षेपण ऐसे समय में हुआ जब दक्षिण कोरिया के प्रधानमंत्री किम-मिन सीओक और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अचानक व्हाइट हाउस में बैठक हुई थी। इस बैठक में उन्होंने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन से मुलाकात की इच्छा व्यक्त की थी।