14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

US-Israel vs Iran War: अमेरिका-इजरायल को ईरान की खुली धमकी, कहा- खून के एक-एक बूंद की कीमत चुकानी होगी

US-Israel-Iran Conflict: ईरान ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' की 46वीं लहर शुरू करते हुए अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। IRGC ने हाइफा, तेल अवीव और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का दावा किया है।

2 min read
Google source verification
Ebrahim Zolfaghari

Ebrahim Zolfaghari spokesperson for the IRGC’s Khatam al-Anbiya Central Headquarters (Photo - ANI)

US-Israel-Iran War: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। जंग के बीच ईरान के 'खातम अल-अंबिया' सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागारी ने शनिवार को टेलीविजन पर कड़ा बयान दिया। उन्होंने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा कि बहाए गए खून की एक-एक बूंद की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

जोल्फागारी ने बताया कि ईरान की वायु सेना ने अपनी रक्षात्मक कार्रवाई के दौरान फिरूजाबाद, बंदर अब्बास और तबरेज में कुल तीन विदेशी ड्रोन मार गिराए। प्रवक्ता के अनुसार, अब तक नष्ट किए गए ड्रोन की कुल संख्या 112 तक पहुंच चुकी है, जिनमें विभिन्न प्रकार के लड़ाकू, टोही और आत्मघाती ड्रोन शामिल हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुद्स दिवस के बाद ईरान की सेना, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और हिज़्बुल्लाह ने मिलकर दुश्मन के खिलाफ 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत हमलों की 45वीं लहर शुरू की है। इस दौरान 'खैबर-शिकन' जैसी सटीक मिसाइलों और ड्रोनों से इज़रायल के उत्तरी कमांड और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें मुख्य रूप से हाइफ़ा, सीज़ेरिया और होलोन जैसे इलाकों के सैन्य परिसर शामिल बताए गए हैं।

ईरान ने अमेरिका को क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी देते हुए 'अल-धफरा' और 'इरबिल' जैसे ठिकानों पर भी हमले का दावा किया। इसके तुरंत बाद 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' की 46वीं लहर भी शुरू की गई, जिसका लक्ष्य अमेरिकी और इज़रायली कमांडरों के ठिकानों को निशाना बनाना बताया गया। दावा किया गया है कि तेल अवीव सहित कई इलाकों में उनके छिपने के ठिकानों और सैन्य अड्डों पर सटीक हमले किए गए हैं।

भूमिगत शस्त्रागार का किया प्रदर्शन

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक विशाल भूमिगत शस्त्रागार के भीतर अपनी हवाई क्षमताओं का बड़ा प्रदर्शन किया है। स्थानीय मीडिया द्वारा 'X' पर साझा की गई एक रिपोर्ट में बताया गया कि 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक लंबी सुरंग में अपने ड्रोनों के संग्रह को प्रदर्शित किया है।'

‘आयतुल्लाह मुजतबा खामेनेई की तस्वीर के नीचे IRGC की ड्रोन शक्ति का प्रदर्शन’ शीर्षक वाले इस कार्यक्रम में एक विस्तृत भूमिगत सुविधा के भीतर कतारों में लगे उन्नत मानव रहित विमानों (UAVs) को दिखाया गया। इस अभियान को जारी रखने का संकल्प लेते हुए जोल्फागारी ने कसम खाते हुए कहा कि अन्यायपूर्ण तरीके से बहाए गए खून की एक-एक बूंद का हर्जाना वसूल किया जाएगा।