
NVIDIA CEO Jensen Huang: टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेन्सेन हुआंग की मुश्किल बढ़ती नजर आ रही हैं। एक महिला के साथ उनके अफेयर को लेकर ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का संदेह है। अमेरिकी कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले में जांच की मांग उठाई है। वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि NVIDIA का बोर्ड हुआंग को CEO पद से हटाने पर विचार कर रहा है। इस विवाद का असर कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है।
पूरे विवाद की शुरुआत 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' और 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की उन रिपोर्ट्स से हुई, जिनमें दावा किया गया कि 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग का एनवीडिया की ही हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ अफेयर था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उस महिला को लेकर यह शक जताया जा रहा है कि वह चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करती थी। जब ये मामला बढ़ने लगा तो जेन्सेन हुआंग ने खुद अपने इस अफेयर की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों के साथ हुई बैठकों में भी इस बात पर खुलकर चर्चा की। हुआंग के इस खुलासे के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने तुरंत एक्शन लेते हुए मशहूर लॉ फर्म Wachtell, Lipton, Rosen & Katz को इस पूरे मामले की जांच सौंप दी है।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अमेरिकी नेता भड़के हुए हैं। अमेरिकी सांसद जेमी रस्किन ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्य चिंता यह है कि क्या इस 'हनीपॉट' योजना के जरिए अमेरिका की सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रभाव का इस्तेमाल करके डोनाल्ड ट्रंप ने प्रशासन को चीन को एनवीडिया की एडवांस AI चिप्स बेचने की अनुमति देने के लिए राजी किया गया था। वहीं, सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने भी राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें एक साल पहले ही इस मामले की जानकारी थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मामलों को रोकने के लिए AI Oversight Act, MATCH Act और Chip Security Act जैसे कड़े कानून जल्द पास किए जाने चाहिए।
इस विवाद का सीधा असर कंपनी के शेयरों पर भी पड़ा है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट सामने आने के बाद एक ही दिन में एनवीडिया के शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए हैं। जेन्सेन हुआंग ने साल 1993 में एनवीडिया की शुरुआत की थी। आज यह कंपनी दुनिया भर की बड़ी AI कंपनियों को सेमीकंडक्टर और चिप्स सप्लाई करती है। यही वजह है कि कंपनी की तकनीक बेहद संवेदनशील मानी जाती है और अमेरिका द्वारा चीन को इन चिप्स के निर्यात पर कड़े प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।