
अमेरिकी टेक कंपनी NVIDIA के CEO जेंसन हुआंग कथित जासूसी विवाद के बावजूद कंपनी के कामकाज को हमेशा की तरह संभाल रहे हैं। CNBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग सोमवार और मंगलवार को कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में कंपनी के मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कीं। एक बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान,उन्होंने अपने निजी जीवन से जुड़े विवाद के लिए कर्मचारियों से माफी भी मांगी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि हुआंग ने कर्मचारियों से कहा कि उनके कार्यों से उनके परिवार को गहरी ठेस पहुंची है। हालांकि, उन्होंने इस मामले पर कोई सवाल नहीं लिया और सीधे कंपनी के आगामी तिमाही वित्तीय परिणामों और दैनिक एजेंडे पर चर्चा करने लगे। इससे पहले, एक आंतरिक ईमेल में हुआंग ने लिखा था, "मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया है। मेरे कार्यों ने उसे और हमारे बच्चों को दुख पहुंचाया है। मैंने जो किया है, उसके लिए कोई बहाना नहीं है।"
CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक को एक अत्यंत गोपनीय मेमो मिला, जिसमें जेंसन हुआंग और एलिस हुआंग नाम की एक व्यक्ति के बीच संबंधों को लेकर गंभीर चेतावनी दी गई थी। एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह है।
इसके बाद मई में चीन की यात्रा के दौरान एयर फोर्स वन विमान में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस खुफिया जानकारी के बारे में बताया। इसमें संकेत दिया गया था कि NVIDIA के CEO एक ऐसे संदिग्ध एजेंट के संपर्क में थे, जो बीजिंग के लिए जानकारी जुटा रहा था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विवाद को लेकर बताया कि फेडरल जांच एजेंसियां फिलहाल स्थिति की समीक्षा कर रही हैं। जेंसन हुआंग का बचाव करते हुए ट्रंप ने उन्हें एक बेहतरीन इंसान और उच्च क्षमता वाला व्यक्ति बताया। साथ ही, उन्होंने हुआंग की कंपनी द्वारा विकसित अत्याधुनिक ब्लैकवेल चिप की भी तारीफ की। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि इन खुलासों की वजह से हुआंग और उनका परिवार बहुत परेशानी से गुजर रहा है।
इस बीच, सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शुमर ने राष्ट्रपति ट्रंप पर राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर रूप से खतरे में डालने का आरोप लगाया है। शुमर ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप को एक साल से भी पहले इस बात की जानकारी दे दी गई थी कि एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ के संबंध एक चीनी जासूस से हैं, फिर भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय ट्रंप उन्हें अपने साथ बीजिंग ले गए, चीन को AI चिप्स तक पहुंच देने की उनकी सलाह मानी और यहां तक कि एनवीडिया से 2.5 करोड़ डॉलर का चंदा भी स्वीकार कर लिया। शुमर ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी इस चूक के लिए तुरंत स्पष्टीकरण की मांग की है।