Pentagon releases new UFO files: पेंटागन ने UFO फाइलें जारी कर दीं। ड्रोन पायलट ने चमकदार ऑब्जेक्ट देखा था जो अचानक गायब हो गया। वो क्या था? अब यह जनता तय करेगी।
अमेरिका में एक बार फिर यूएफओ यानी अनदेखी उड़ती हुईं वस्तुओं पर गंभीर रूप से चर्चा छिड़ गई है। इस बीच, पेंटागन ने शुक्रवार को नई फाइलें जारी कर दीं हैं, जिनमें एक ड्रोन पायलट का बयान है कि आसमान में चमकदार रोशनी वाला एक लाइन जैसा ऑब्जेक्ट अचानक गायब हो गया। इस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार का कहना है कि अब जनता खुद इन दस्तावेजों को देखकर अपना निष्कर्ष निकाल सकती है।
पिछली सरकारों पर आरोप लगता रहा है कि उन्होंने इन रहस्यमयी घटनाओं को छिपाने या लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन ट्रंप प्रशासन ने साफ कहा है कि अब पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी।
पेंटागन, व्हाइट हाउस, नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर, एनर्जी विभाग, नासा और एफबीआई मिलकर ये दस्तावेज जारी कर रहे हैं।
एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया कि अतिरिक्त फाइलें धीरे-धीरे जारी होती रहेंगी। एक नया वेबसाइट भी बनाया गया है, जिसका लुक पुराने जमाने जैसा है। काले-सफेद फोटो और टाइपराइटर स्टाइल के फॉन्ट में जानकारी दी गई है।
पहली खेप में 162 फाइलें जारी की गई हैं। इनमें से एक एफबीआई का इंटरव्यू है। सितंबर 2023 में एक ड्रोन पायलट ने बताया कि आसमान में एक लाइन जैसी चीज दिखी, जिसकी रोशनी इतनी तेज थी कि उसके अंदर की पट्टियां भी दिख रही थीं।
पायलट के अनुसार, ऑब्जेक्ट सिर्फ 5 से 10 सेकंड दिखा और फिर रोशनी बुझते ही गायब हो गया। एक और दस्तावेज 1972 के अपोलो 17 मिशन की नासा तस्वीर का है।
इसमें तीन बिंदु त्रिकोण आकार में दिख रहे हैं। पेंटागन का कहना है कि अभी इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में लगता है कि ये कोई भौतिक वस्तु हो सकती है।
2022 में अमेरिकी संसद ने पेंटागन को पुरानी यूएफओ फाइलें जारी करने का आदेश दिया था। कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने लंबे समय से पारदर्शिता की मांग की। रिपब्लिकन सांसद अन्ना पॉलिना लूना ने मार्च में 46 वीडियो जारी करने की मांग की थी।
अब कहा जा रहा है कि ये वीडियो अगली खेप में आएंगे। सांसद टिम बर्चेट ने ट्रंप का शुक्रिया अदा किया और कहा कि पूरी जानकारी एक साथ नहीं आएगी, इसमें समय लगेगा।
कई विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि इन वीडियो और फोटो को बिना समझे गलत तरीके से पेश किया जा सकता है। 2024 के पेंटागन रिपोर्ट में कहा गया था कि अमेरिकी सरकार ने कभी एलियन टेक्नोलॉजी हासिल करने या विदेशी जीवन की पुष्टि करने का दावा नहीं किया।
ज्यादातर मामलों में ये उन्नत सैन्य टेक्नोलॉजी या सामान्य घटनाएं हो सकती हैं। ट्रंप ने फरवरी से ही इसकी तैयारी की थी। उन्होंने पहले जॉन एफ केनेडी, रॉबर्ट केनेडी और मार्टिन लूथर किंग की हत्याओं से जुड़े दस्तावेज भी जारी किए थे।