विदेश

अमेरिका-ईरान युद्ध पर घिरे पीट हेगसेथ, महाभियोग की मांग पर बोले- दुश्मनों को जाएगा गलत संदेश

Pete Hegseth Impeachment: ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की मांग तेज हो गई है। उन्होंने इसे सेना के मनोबल और अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय छवि के लिए नुकसानदायक बताया है।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 9:30 PM IST
Pete Hegseth Resignation
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तैयारी (फोटो सोर्स:@SecWar)

Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब अमेरिकी राजनीति पर भी दिखाई देने लगा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को इस सैन्य संघर्ष के कारण घरेलू स्तर पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने अपने खिलाफ महाभियोग चलाने की मांग पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि ऐसा कदम अमेरिका के दुश्मनों को यह संदेश देगा कि देश अपने ही सैनिकों और सैन्य नेतृत्व को वैध सैन्य अभियान चलाने के लिए दंडित करता है। उन्होंने अपने सैन्य फैसलों का बचाव करते हुए आलोचकों पर निशाना साधा है।

अमेरिका में महाभियोग प्रस्ताव से बढ़ा विवाद

अमेरिकी युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की मांग रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने उठाई है। केंटकी से सांसद मैसी ने सोमवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में उनके खिलाफ महाभियोग के आठ आरोप पेश किए। इन आरोपों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के अलावा यमन और वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियानों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

मैसी का आरोप है कि हेगसेथ ने गैरकानूनी आदेशों को लागू किया और अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया। हालांकि, हेगसेथ इन आरोपों को राजनीतिक विरोध से प्रेरित बताते रहे हैं। इस प्रस्ताव ने अमेरिकी राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

सैनिकों के समर्थन में उठाई आवाज

मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेगसेथ ने कहा कि महाभियोग हमारे दुश्मनों को यह संदेश देता है कि अमेरिका वैध सैन्य अभियान चलाने के लिए अपने ही सैनिकों को दंडित करता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के 250 साल के गणतांत्रिक इतिहास में किसी युद्ध मंत्री या रक्षा मंत्री पर वैध सैन्य अभियान चलाने के लिए कभी महाभियोग नहीं लगाया गया। करीब छह महीने बाद आयोजित उनकी यह पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। इसमें उन्होंने अपने फैसलों का बचाव किया और सैन्य अभियानों को सही ठहराया।

ट्रंप का मिला समर्थन

हेगसेथ को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी समर्थन मिला है। ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि हेगसेथ ने दो युद्धों में अमेरिका को जीत दिलाई है। उनका इशारा ईरान के खिलाफ संघर्ष और जनवरी में वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप की ओर था। दूसरी तरफ, थॉमस मैसी के प्रस्ताव को डेमोक्रेटिक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का समर्थन भी मिला है।

प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज और सीनेट में नेता चक शूमर ने महाभियोग की मांग का समर्थन किया है। प्रस्ताव पर मध्य सप्ताह तक मतदान होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, रिपब्लिकन नेताओं ने विदेश में सैन्य अभियान जारी रहने के दौरान ऐसी कार्रवाई पर चिंता जताई है।

Updated on:
10 Nov 2026, 9:30 PM IST
Published on: