PM Modi-Trump Meeting: पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अगले महीने मुलाकात हो सकती है। कब और कहाँ होगी यह मुलाकात? आइए जानते हैं।
भारत (India) के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बीच जल्द ही मुलाकात हो सकती है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच जून में मुलाकात होने की संभावना है। यह मुलाकात फ्रांस (France) में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हो सकती है और इस दौरान दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मीटिंग होने की भी संभावना है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 15 से 17 जून तक फ्रांस के एवियन-ले-बैंस (Évian-les-Bains) में G7 शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन हो रहा है।
पीएम मोदी और ट्रंप की आखिरी मुलाकात 13 फरवरी 2025 को अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन डीसी के व्हाइट हाउस में हुई थी। यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के कुछ हफ्तों बाद ही हुई थी। हालांकि उसके बाद से दोनों के बीच फोन पर कई बार बात हुई है, लेकिन आमने-सामने की मुलाकात नहीं। ऐसे में अगर अगले महीने फ्रांस में दोनों की मुलाकात होती है, तो यह 16 महीने में दोनों के बीच पहली मीटिंग होगी।
इतने समय में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात नहीं होने की वजह भारत-पाकिस्तान विवाद और टैरिफ मामले की वजह से दोनों देशों में बढ़ा तनाव है। दरअसल भारत पर टैरिफ लगाने के बाद से ही ट्रंप ने भारत के खिलाफ कई बार बयानबाजी की है। कई एक्सपर्ट्स मानते हैं कि पीएम मोदी का ट्रंप को भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने के लिए क्रेडिट नहीं देना अमेरिकी राष्ट्रपति को पसंद नहीं आया और इसी वजह से उन्होंने भारत पर टैरिफ लगाया और कई मौकों पर बयानबाजी भी की, जिससे दोनों देशों के संबंधों पर भी असर पड़ा। हालांकि सर्जियो गोर (Sergio Gor) की भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर नियुक्ति के बाद से उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप दोनों देशों के संबंधों में काफी सुधार आया है और खुद पीएम मोदी और ट्रंप ने भी इसके प्रति अपनी-अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। ट्रंप ने कई मौकों पर पीएम मोदी को महान और अपना खास दोस्त बताया है। ऐसे में अगर अगले महीने पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात और द्विपक्षीय मीटिंग होती है, तो दोनों देशों के संबंधों में मज़बूती के लिए यह काफी अहम होगी।