विदेश

मादुरो और उनकी पत्नी को तुरंत करो रिहा, किम जोंग के बाद चीन ने दी अमेरिका को धमकी

चीनी विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हवाई हमले और मादुरो दंपती को जबरन हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाना संयुक्त राष्ट्र चार्टर तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है।

2 min read
Jan 04, 2026
Xi Jinping
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग। (फोटो- IANS)

अमेरिकी सेना द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाने की घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। चीन ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए अमेरिका से मादुरो दंपती की तत्काल रिहाई की मांग की है। वहीं, उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन ने इसे 'दमनकारी कदम' करार देते हुए चेतावनी दी कि यदि मादुरो को रिहा नहीं किया गया तो यह तीसरे विश्व युद्ध को जन्म दे सकता है।

चीन की कड़ी निंदा

चीनी विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा कि अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हवाई हमले और मादुरो दंपती को जबरन हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाना संयुक्त राष्ट्र चार्टर तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों का स्पष्ट उल्लंघन है। बयान में जोर दिया गया कि चीन इस 'वर्चस्ववादी कृत्य' का कड़ा विरोध करता है और अमेरिका से अपील की कि वह मादुरो तथा उनकी पत्नी की व्यक्तिगत सुरक्षा सुनिश्चित करे, उन्हें तुरंत रिहा करे और वेनेजुएला की सरकार गिराने के प्रयासों को रोके। चीन ने मुद्दे को संवाद व बातचीत से हल करने का आह्वान किया।

बीजिंग के लिए बड़ा झटका

मादुरो सरकार का पतन बीजिंग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि ह्यूगो शावेज के समय से वेनेजुएला चीन का करीबी रणनीतिक साझेदार रहा है। चीन वेनेजुएला का बड़ा निवेशक और तेल खरीदार है। शनिवार को भी चीन ने अमेरिकी हमलों की निंदा की थी और इसे संप्रभु राष्ट्र पर बल प्रयोग बताया था।

किम जोंग उन की खुली चेतावनी

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने शनिवार को अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी। उत्तर कोरियाई राज्य मीडिया के हवाले से किम ने मादुरो को अपना 'दोस्त' बताते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह 'दमनकारी कदम' पूरी दुनिया को युद्ध की ओर धकेल सकता है। किम ने मांग की कि मादुरो की स्थिति तुरंत सार्वजनिक की जाए और उन्हें रिहा किया जाए। उन्होंने चेताया कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो गंभीर अंतरराष्ट्रीय परिणाम भुगतने पड़ेंगे और यह वैश्विक संघर्ष को जन्म दे सकता है, जो तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत हो सकती है।

अमेरिका ने लगाए नार्को-टेररिज्म और ड्रग तस्करी के आरोप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 3 जनवरी को घोषणा की कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए और मादुरो दंपती को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया। मादुरो पर अमेरिका में नार्को-टेररिज्म और ड्रग तस्करी के आरोप हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अब वेनेजुएला को अस्थायी रूप से चला रहा है। यह घटना लातिन अमेरिका में अमेरिका की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई है।

Updated on:
06 Jan 2026 03:55 pm
Published on:
04 Jan 2026 07:36 pm
Also Read
View All