
रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन ने पूरी ताकत झोंक दी है। यूक्रेन ने मॉस्को के आसपास के इलाकों में अब तक सबसे बड़ा एरियल अटैक किया है। इसमें छह लोगों की जान चली गई है।
रूस के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि पोडॉल्स्क शहर में एक 83 साल के बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। कई और लोग घायल हुए हैं। वोरोब्योव ने टेलीग्राम पर पोस्ट कर जानकारी दी कि पोडॉल्स्क में रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदाम पर ड्रोन गिरा। वहां आग लग गई और धुआं काफी दूर तक दिख रहा था।
रॉयटर्स के वीडियो में भी कोलेडिनो गोदाम के ऊपर काला धुआं साफ नजर आ रहा था। यह जगह मॉस्को से करीब 45 किलोमीटर दक्षिण में है। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि रात भर में उन्होंने 822 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं। इसके बावजूद कई जगहों पर नुकसान हुआ।
डोमोदेदोवो शहर में भी एक गोदाम क्षतिग्रस्त हुआ, जो मॉस्को के बड़े हवाई अड्डे के करीब है। बता दें कि यूक्रेन पिछले कुछ हफ्तों से वाइल्डबेरीज जैसे बड़े आर्थिक ठिकानों को निशाना बना रहा है।
यूक्रेन का आरोप है कि यह कंपनियां रूसी सेना के लिए सामान पहुंचाने का काम भी करती है। इसलिए यूक्रेन रूस की अर्थव्यवस्था और सैन्य सप्लाई चेन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में लगा हुआ है।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे रूस में इस हमले में छह लोगों की मौत हुई है। मॉस्को क्षेत्र में एक मौत की पुष्टि गवर्नर ने की है। बाकी मौतों की पूरी जानकारी अभी आनी बाकी है।
इस बीच, रूस की तरफ से हवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के दावे लगातार आ रहे हैं, लेकिन 822 ड्रोन गिराने के बावजूद कुछ हमले सफल हो गए।स्थानीय प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग बुझाने का काम जारी था।युद्ध जारी रहने के कारण दोनों तरफ से ड्रोन हमले बढ़ रहे हैं। यूक्रेन लंबे रेंज वाले ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा रहा है ताकि रूसी शहरों और आर्थिक केंद्रों तक पहुंच सके। रूस भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है।