विदेश

रूस-यूक्रेन युद्ध में फिर बढ़ा तनाव, एक-दूसरे पर किया ड्रोन अटैक, हमले में 6 की मौत

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध फिर तेज हो गया है। रूस ने मॉस्को की ओर बढ़ रहे 84 ड्रोन मार गिराने का दावा किया। वहीं, यूक्रेन ने रूस के वोरोनिश में मिलिट्री इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट पर एयर-लॉन्चड क्रूज मिसाइलों से हमले की पुष्टि की है।

2 min read
Jun 22, 2026
Russia Ukraine War Latest Update
रूस-यूक्रेन ने एक दूसरे पर किया अटैक। हमले लेटेस्ट तस्वीरें (सोर्स: एक्स यूजर पाव्लो, Liveuamap)

Russia Ukraine War Latest Update: 24 फरवरी, 2022 से शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर दोनों देशों ने एक-दूसरे पर भीषण अटैक किया है। रूस ने दावा किया है कि उसने मॉस्को की ओर बढ़ रहे 84 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए हैं। वहीं यूक्रेन ने भी रूस के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों के बीच मासूम लोगों की जान जा रही है।

रूस-यूक्रेन युद्ध फिर तेज

रूस के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मॉस्को की तरफ बढ़ रहे 84 ड्रोन को रोक दिया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि ड्रोन गिराए जाने वाले इलाकों में तुरंत इमरजेंसी टीम भेजी गई।

वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि रातभर में कुल 301 ड्रोन नष्ट किए गए। इनमें रूस और उसके कब्जे वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे ड्रोन भी शामिल थे। सुरक्षा कारणों से मॉस्को के कई एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दी गईं। बाद में सेवाएं फिर शुरू कर दी गईं।

उधर, यूक्रेन की सेना ने दावा किया कि उसने रूस के वोरोनिश क्षेत्र में स्थित एक सैन्य इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट और एक सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेंटर को निशाना बनाया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देखें वीडियो-

रूस ने की जवाबी कार्रवाई

रूस के हमलों का असर यूक्रेन के कई इलाकों में देखने को मिला। सुमी क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में 13 साल के लड़के, उसके पिता और दादी की मौत हो गई।

जापोरिज्जिया में रूसी ड्रोन हमलों में दो और लोगों की जान चली गई। कई लोग घायल हुए। वहीं यूक्रेन की ओडेसा क्षेत्र में मिसाइल हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यानी अब तक रूसी अटैक में 6 लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच रूस पर समुद्री व्यापार को निशाना बनाने के आरोप भी लगे हैं। यूक्रेन का कहना है कि रूसी ड्रोन ने एक तुर्की मालवाहक जहाज पर हमला किया। इस हमले में एक मिस्री क्रू सदस्य की मौत हो गई। कई अन्य लोगों को बचाव नौका के जरिए सुरक्षित निकाला गया।

लगातार हो रहे ड्रोन, मिसाइल और समुद्री हमले यह दिखाते हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध अभी खत्म होने से काफी दूर है। दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव आम नागरिकों के लिए सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है।

Published on:
22 Jun 2026 05:23 pm