विदेश

यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म कर देगा रूस, रख दी शर्त, पश्चिमी देशों को धमकी देते हुए कहा- हमारे खिलाफ…

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि रूस के खिलाफ किसी भी आक्रमण का निर्णायक जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए शर्तें रखीं और पश्चिमी देशों को स्पष्ट संदेश दिया कि रूस अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा।
2 min read
Sep 28, 2025
Vladimir Putin and Volodymyr Zelenskyy
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की। (Photo - Washington Post)

रूस ने संयुक्त राष्ट्र से पश्चिमी देशों को साफ संदेश दे दिया है। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस को संबोधित करते हुए कहा कि रूस के खिलाफ किसी भी आक्रमण का निर्णायक जवाब दिया जाएगा। इसके साथ, उन्होंने यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए शर्त भी रख दी है।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश बार-बार रूस के खिलाफ बल प्रयोग की धमकियां दे रहे हैं। साथ ही रूस पर नाटो और यूरोपीय संघ के देशों पर हमला करने की भी योजना बनाने का आरोप लगा रहे हैं।

रूस यूक्रेन से बातचीत को तैयार

लावरोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बार-बार इस तरह के उकसावे का खंडन किया है। उनका साफ कहना है कि रूस का ऐसा कोई इरादा न तो कभी था और न ही है।

वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध पर लावरोव ने कहा कि जैसा कि रूसी राष्ट्रपति ने बार-बार जोर दिया है कि रूस शुरू से ही संघर्ष के मूल कारणों को खत्म करने के लिए बातचीत के लिए तैयार रहा है और रहेगा।

युद्ध खत्म करने के लिए रूस ने रख दी शर्त

उन्होंने आगे कहा कि रूस की सुरक्षा और महत्वपूर्ण हितों की विश्वसनीय गारंटी होनी चाहिए। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में रूसियों और रूसी भाषी लोगों के अधिकारों को बहाल किया जाना चाहिए। साथ ही उनका सम्मान किया जाना चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो हम यूक्रेन से बातचीत के लिए तैयार हैं।

रूस-अमेरिका संबंध पर क्या बोले विदेश मंत्री?

वहीं, रूस-अमेरिका संबंध पर लावरोव ने कहा कि रूस अमेरिका की ओर से न केवल यूक्रेन संकट के समाधान के लिए यथार्थवादी तरीके खोजने में योगदान देने की आकांक्षा देखता है, बल्कि बिना किसी वैचारिक रुख अपनाए व्यावहारिक सहयोग विकसित करने की भी इच्छा रखता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस और अमेरिका विश्व की स्थिति और उन जोखिमों से बचने के लिए विशेष जिम्मेदारी लेते हैं, जो मानवता को एक नए युद्ध में धकेल सकते हैं।

Updated on:
28 Sept 2025 11:13 am
Published on:
28 Sept 2025 11:10 am