विदेश

Russia Black Sea Attack: रूस का काला सागर में मालवाहक जहाज पर हमला, 5 लोगों की मौत, 5 लापता

Russian missile strike on the cargo ship in Black Sea: रूस ने काला सागर में अनाज लेकर जा रहे मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर मिसाइल हमला किया। हमले में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लापता हैं। जहाज पर भारत और सीरिया के नागरिक भी सवार थे।
2 min read
Jul 20, 2026
Russian missile strike on the cargo ship in Black Sea.
काला सागर में रूसी मिसाइल हमले के बाद मालवाहक जहाज। (Photo X/@andrii_sybiha)

Russian Missile Strike: यूक्रेन के साथ जारी संघर्ष के बीच रूस ने काला सागर में अनाज ले जा रहे एक नागरिक मालवाहक जहाज को निशाना बनाया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य अब भी लापता हैं। गिनी-बिसाऊ के झंडे के तहत संचालित और एक तुर्की कंपनी के स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज गोल्डन लियो पर उस समय हमला हुआ, जब वह यूक्रेन के समुद्री गलियारे से अनाज लेकर रवाना हो रहा था। यूक्रेन की नौसेना के मुताबिक, रूस ने जहाज पर तीन क्रूज मिसाइलें दागीं।

आठ लोगों को बचाया गया

रूस की मिसाइलें जहाज के दाहिने हिस्से के सुपरस्ट्रक्चर से टकराईं, जिससे उसमें आग लग गई। यूक्रेनी नौसेना ने बताया कि हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक दल के आठ सदस्यों को बचा लिया गया है। पांच अन्य लोगों की तलाश में खोज और बचाव अभियान जारी है। इसके अलावा, जहाज की तकनीकी स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है।

रूस पर अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप

यूक्रेन की नौसेना ने कहा, 'यह किसी भी सैन्य खतरे से रहित, विदेशी झंडे वाले एक निहत्थे नागरिक जहाज पर रूस का एक और जानबूझकर किया गया हमला है। यह शांतिपूर्ण समुद्री नौवहन के खिलाफ आतंकवादी कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है।'

वहीं, यूक्रेन के कार्यवाहक विदेश मंत्री आंद्री सिबीहा ने भी इस हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह हमला रूस द्वारा कीव पर रातभर किए गए बड़े पैमाने के मिसाइल और ड्रोन हमले के कुछ ही घंटों बाद हुआ।

सिबीहा ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'जब दुनिया अभी भी कीव पर रूस के रातभर हुए क्रूर हमले पर प्रतिक्रिया दे रही है, उसी दौरान मॉस्को दिन में भी अपने आतंक अभियान को जारी रखे हुए हैं।'

चालक दल में भारत के नागरिक भी शामिल

सिबीहा के अनुसार, जहाज के चालक दल में सीरिया और भारत के नागरिक भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस हमले में एक यूक्रेनी मैरीटाइम पायलट और चालक दल के चार सदस्य मारे गए।

यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने इस घटना की जानकारी अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO), अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और उन देशों की सरकारों को देना शुरू कर दिया है, जिनके नागरिक इस हमले में मारे गए या घायल हुए हैं।

Updated on:
20 Jul 2026 08:32 am
Published on:
20 Jul 2026 08:30 am