विदेश

ताइवान को घेरने में जुटा चीन, समंदर और आसमान में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की बड़ी हलचल

एशिया में तनाव गहराया: ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सीमा के पास 8 चीनी सैन्य विमान और 6 युद्धपोत तैनात पाए हैं। क्या चीन ताइवान की घेराबंदी कर रहा है? जानें पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की इस बड़ी हलचल और ताइवान की जवाबी कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट।
less than 1 minute read
Feb 06, 2026
Taiwan's Ministry of National Defense
Representative image (Photo/X@MoNDefense)

Taiwan China Tension: चीन और ताइवान के बीच चल रहा तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार (6 फरवरी 2026) की सुबह बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान ताइवान जलडमरूमध्य (Taiwan Strait) के आसपास चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के आठ विमान और छह नौसैनिक जहाज देखे गए हैं।

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन आठ विमानों में से छह ने मध्य रेखा पार की और ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी तथा पूर्वी हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश किया। इस जानकारी को मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट 'X' पर साझा किया।

मंत्रालय ने लिखा, "आज सुबह 6 बजे तक ताइवान के आसपास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के आठ विमान और छह नौसैनिक जहाजों की गतिविधियों का पता चला। आठ में से छह विमानों ने मध्य रेखा पार की और ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी तथा पूर्वी हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया। हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक प्रतिक्रिया दी गई।"

यह कोई इकलौती घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों से चीन की सैन्य गतिविधियां ताइवान के आसपास काफी बढ़ गई हैं। बुधवार को ताइवान ने 13 चीनी सैन्य विमानों और छह चीनी नौसैनिक जहाजों की गतिविधियों का पता लगाया। राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन 13 में से 11 विमानों ने मध्य रेखा पार की और ताइवान के उत्तरी तथा दक्षिण-पश्चिमी हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश किया।

विशेषज्ञ क्या कहते हैं?

विशेषज्ञों का मानना है कि चीन इन गतिविधियों के जरिए ताइवान पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने और उसकी रक्षा तैयारियों को परखने की कोशिश कर रहा है। ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते (Lai Ching-te) ने बार-बार दोहराया है कि वे अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, जबकि चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है।

Updated on:
06 Feb 2026 08:46 am
Published on:
06 Feb 2026 08:45 am