विदेश

Thailand School Shooting: थाईलैंड स्कूल फायरिंग में मौतों का आंकड़ा 8 पर पहुंचा , भगदड़ में कुचलने से 15 बच्चे घायल

Thailand School Firing: थाईलैंड के एक स्कूल में एक किशोर ने अंधाधुंध फायरिंग की, हमले में 8 लोगों की मौत हुई है वहीं 15 से अधिक बच्चों को चोटें आईं हैं।
2 min read
Aug 07, 2026
Nonthaburi School Shooting
थाईलैंड के स्कूल में फायरिंग में तीन शिक्षकों समेत 8 की मौत,photo source@Slyuda X Account

Thailand School Shooting: बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुआई जिले के डेबसिरिन नोंथाबुरी हाई स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, बैंकॉक के पास स्थित इस स्कूल में फायरिंग करने से पहले एक किशोर संदिग्ध ने अपने घर में अपने दादा-दादी की हत्या कर दी और उसके बाद स्कूल पहुंचकर कम से कम छह अन्य लोगों को गोली मार दी। फायरिंग से बचने के लिए मची भगदड़ में 15 से अधिक लोग घायल हो गए।

नेशनल पुलिस के बयान के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपने दादा की हैंडगन से अपने दादा-दादी की हत्या की। इसके बाद वह बैंकॉक के उत्तर में स्थित एक सेकेंडरी स्कूल पहुंचा, जहां उसने तीन शिक्षकों और तीन छात्रों पर गोलीबारी की। डिप्टी इंटीरियर मिनिस्टर पोलापी सुवंचवी ने स्थानीय प्रसारक थाई PBS को बताया कि गोलीबारी से बचने के प्रयास में मची भगदड़ में 15 छात्र घायल हुए, हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों तथा उनके परिजनों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

26 राउंड गोलियां चलाईं

पुलिस के अनुसार, हमलावर ने स्कूल में गोलीबारी करने से पहले अपने घर पर अपने दादा-दादी की हत्या की। उसने कुल 26 राउंड गोलियां चलाईं। घटनास्थल से 34 जीवित कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

कानून सख्त, फिर भी अवैध हथियारों का चलन

थाईलैंड में बंदूक रखने के कानून काफी सख्त हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध हथियारों का प्रचलन व्यापक है। अवैध रूप से हथियार रखने पर 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। दक्षिण-पूर्व एशिया में नागरिकों के पास हथियार रखने के मामले में थाईलैंड अग्रणी देशों में शामिल है।

शूटर की हुई पहचान

अधिकारियों के अनुसार, स्कूल में गोलीबारी करने वाला आरोपी उसी स्कूल का एक किशोर छात्र था। स्थानीय मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में संदिग्ध बैंगनी रंग की स्कूल यूनिफॉर्म पहने और काले रंग का क्रॉस-बॉडी बैग लिए दिखाई दे रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उसकी भी मौत हो गई है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि अन्य रिपोर्टों के अनुसार उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि, थाई पुलिस ने अभी तक उसकी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Updated on:
07 Aug 2026 03:22 pm
Published on:
07 Aug 2026 03:18 pm