Tourist Submarine Egypt: मिस्र के हर्गहाडा के पास लाल सागर में एक पर्यटन पनडुब्बी के डूबने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Tourist Submarine Sink in Egypt: मिस्र (Egypt) के लोकप्रिय पर्यटन स्थल हर्गहाडा (Hurghada) के पास लाल सागर में एक पर्यटन पनडुब्बी (Submarine) के डूबने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस वक्त हुआ, जब सिंदबाद नामक पनडुब्बी समुद्र के अंदर प्रवाल भित्तियों (Coral Reef) और समुद्री जीवों को दिखाने के लिए 65 फीट की गहराई में गई थी। पनडुब्बी में 44 लोग सवार थे, जिनमें से ज्यादातर रूसी पर्यटक थे।
हादसे के बाद बचाव दल ने तेजी से राहत अभियान चलाया और 29 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आशंका जताई जा रही है कि एक चट्टान से टकराने के बाद हादसा हुआ, हालांकि अभी सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह पहली बार नहीं है जब मिस्र में इस तरह की दुर्घटना हुई हो। पिछले साल नवंबर में मार्सा आलम के पास एक टूरिस्ट बोट डूब गई थी, जिसमें 44 लोग सवार थे। हादसे में तीन लोगों की जान गई थी।
फिनलैंड में निर्मित यह पनडुब्बी एक बार में 44 यात्रियों और दो क्रू मेंबर्स को 72 फीट तक की गहराई में ले जाने में सक्षम है। इसे दुनिया की सिर्फ 14 रियल एंटरटेनमेंट सबमरीन में से एक बताया जाता था, जिनमें से दो इस ऑपरेटर कंपनी के पास थीं। लाल सागर दुनिया भर के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
जहां पर्यटकों की पनडुब्बी डूबी, वहां पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मिस्र के अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल नवंबर में खराब मौसम और उबड़-खाबड़ समुद्र की चेतावनी के बावजूद एक पर्यटक नौका लाल सागर में डूब गई थी। इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। ये सभी रूसी नागरिक थे। गौरतलब है कि पर्यटन मिस्र की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है, लेकिन इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्षों के जोखिमों के चलते कई पर्यटक कंपनियों ने लाल सागर की यात्राओं को या तो रोक दिया है या काफी हद तक कम कर दिया है। फिर भी, कुछ कंपनियां अब भी इन यात्राओं को चला रही हैं।
मिस्र के लाल सागर तट पर बसे शहर हर्गहाडा के आसपास एक पनडुब्बी डूब गई। यह शहर अपने शानदार समुद्र तटों और प्रवाल भित्तियों की वजह से मशहूर है और पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है। मिस्र का पर्यटन उद्योग बहुत व्यापक है, जिसमें लगभग 20 लाख लोग कार्यरत हैं। यह उद्योग मिस्र की जीडीपी का 10 प्रतिशत से अधिक हिस्सा प्रदान करता है।