विदेश

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर देंगे इस्तीफा, दो वजह भी बताई

Donald Trump ने दावा किया कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री Keir Starmer जल्द इस्तीफा देंगे। उन्होंने Truth Social पर कहा कि स्टार्मर प्रवासियों और ऊर्जा से जुड़े मुद्दों पर नाकाम रहे हैं।

2 min read
Jun 21, 2026
donald trump and keir starmer
डोनाल्ड ट्रंप और कीर स्टार्मर (Photo - AI Generated)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि स्टार्मर जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर एक पोस्ट के जरिए कहा। डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'कीर स्टार्मर यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। वे दो बहुत अहम मुद्दों इमिग्रेशन और एनर्जी (उत्तरी सागर में तेल रिसाव) पर बुरी तरह नाकाम रहे। मैं उनके लिए शुभकामनाएं देता हूं!

कीर स्टार्मर पर बढ़ा राजनीतिक दबाव

लेबर पार्टी के खराब चुनाव प्रदर्शन और एंडी बर्नहम के मजबूत प्रदर्शन के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर पर दबाव बढ़ता जा रहा है। पार्टी के अंदर नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार्मर अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर परिवार और करीबी सहयोगियों से बातचीत कर रहे हैं। वहीं एंडी बर्नहम से होने वाली बातचीत के बाद आगे की स्थिति साफ हो सकती है।

स्टार्मर की परेशानी पिछले कुछ महीनों से बढ़ती जा रही है। साल 2024 में लेबर पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के बाद भी वह जनता का समर्थन बनाए रखने में संघर्ष कर रहे हैं। हालिया स्थानीय चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन से मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई है। वहीं कुछ सर्वे में दावा किया गया है कि अगर नेतृत्व चुनाव होता है तो एंडी बर्नहम मजबूत दावेदार बन सकते हैं।

डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को बड़ी धमकी

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान को लेबनान में सक्रिय अपने समर्थित समूहों की गतिविधियों को तुरंत रोकना होगा। ऐसा नहीं होने पर अमेरिका पहले से ज्यादा कड़ी सैन्य कार्रवाई कर सकता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, 'ईरान को लेबनान में अपने भारी वेतन पाने वाले प्रॉक्सी को तुरंत गड़बड़ी फैलाने से रोकना होगा।'

ट्रंप ने कहा कि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम ईरान पर फिर से बहुत जोरदार हमला करेंगे ठीक वैसे ही जैसे हमने पिछले हफ्ते किया था, बल्कि उससे भी ज्यादा जोरदार। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशें भी जारी हैं। वहीं दूसरी तरफ ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह समेत कई समूहों की गतिविधियों को लेकर क्षेत्र में चिंता बनी हुई है।

सीजफायर की कोशिशों के बीच बढ़ा तनाव

अमेरिका की कोशिश है कि मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को रोका जाए और एक व्यापक युद्धविराम की स्थिति बनाई जाए। इसी दिशा में अमेरिका और ईरान के अधिकारियों के बीच बातचीत भी चल रही है। रविवार को अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों ने स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में तकनीकी स्तर की बातचीत की। इसे दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बातचीत को लेकर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप पूरे क्षेत्र में सीजफायर को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, ट्रंप पूरे क्षेत्र में पूर्ण युद्धविराम सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वेंस ने बताया कि ट्रंप ने टीम को कई मुद्दों पर कूटनीतिक समाधान तलाशने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत का उद्देश्य मिडिल ईस्ट में रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिश करना है।

Updated on:
21 Jun 2026 08:59 pm
Published on:
21 Jun 2026 08:26 pm