विदेश

‘हमारे पास जरूरत से ज्यादा युद्ध सामग्री है’, हथियारों की कमी के दावों पर बोले डोनाल्ड ट्रम्प

Donald Trump: क्या अमेरिका के पास मिसाइलें खत्म हो रही हैं? ईरान से तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सेना में हथियारों की कमी के दावों को झूठा बताया है। जानिए क्या है पूरा मामला।
2 min read
Jul 27, 2026
Truth Social AI Images, US Air Defence System
ट्रंप का दावा, अमेरिका के पास जरूरत से ज्यादा हथियार | फोटो सोर्स- ANI

US Air Defence: ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच अमेरिका में हथियारों के स्टॉक को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ जहां अमेरिकी रक्षा अधिकारी और मीडिया रिपोर्ट्स दावा कर रहे हैं कि पेंटागन के पास हवाई रक्षा मिसाइलों (इंटरसेप्टर) की भारी कमी हो रही है, तो वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बताया है। ट्रम्प का साफ कहना है कि अमेरिका के पास किसी भी देश की तुलना में कहीं अधिक युद्ध सामग्री है, और हमारी ज़रूरत से बहुत ज्यादा है।

'दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार हमारे पास'- बोले ट्रम्प

मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बताया कि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा युद्ध सामग्री अमेरिका के पास हैं। हमारे पास जितने हथियार हैं, वह हमारी जरूरत से भी कहीं बहुत ज्यादा हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिकी सेना के बड़े अधिकारियों ने व्हाइट हाउस को चेतावनी दी। अधिकारियों का कहना था कि अगर ईरान के खिलाफ हमला और बड़ा किया गया, तो मिडिल ईस्ट में तैनात पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम का स्टॉक बहुत ज्यादा हद तक कम हो सकता है।

एआई की तस्वीरों से ईरान को दिखाया दम

हथियारों पर मचे घमासान के बीच ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर AI से बनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में अमेरिकी सेना की ताकत को दिखाया गया है। 'गार्डियंस ऑफ द वर्ल्ड' नाम की एक तस्वीर में अमेरिकी फाइटर जेट्स को 'ईरान' लिखे ठिकानों पर बमबारी करते हुए दिखाया गया है, जबकि नीचे समुद्र में अमेरिकी युद्धपोत तैनात हैं। और पीछे ट्रम्प की एक बहुत बड़ी तस्वीर पूरे नजारे को देख रही है।

सैन्य अधिकारियों को किस बात का डर है?

अखबारों की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना के बड़े अधिकारी डैन केन ने सलाह दी है कि ईरान पर बड़े हमले करने से अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मिसाइल स्टॉक पर बहुत बुरा असर पड़ेगा। अधिकारियों की यह चिंता हाल ही में जॉर्डन में हुए एक हमले के बाद और बढ़ गई है। वहां एक ईरानी मिसाइल अमेरिकी एयर डिफेंस को तोड़कर अंदर घुस गई थी, जिसमें 3 अमेरिकी सैनिकों की जान चली गई थी। इसके अलावा, कुछ एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि अगर अभी सारा स्टॉक खत्म हो गया, तो भविष्य में चीन जैसे बड़े और ताकतवर देश के साथ मुकाबला करना अमेरिका के लिए बहुत मुश्किल हो जाएगा।

कितने हथियार बचे हैं?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख ब्रैड कूपर का मानना है कि मौजूदा हथियारों से फिलहाल काम चलाया जा सकता है। उनकी नई रणनीति यह है कि ईरान पर बड़े हमले करने के बजाय, उसके मिसाइल लॉन्च करने वाले ठिकानों को पहले ही तबाह कर दिया जाए, ताकि वह पलटवार न कर सके।
इस बीच, व्हाइट हाउस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए यह बताने से साफ मना कर दिया है कि उनके पैट्रियट और थाड मिसाइल डिफेंस सिस्टम का कितना स्टॉक अब तक खत्म हो चुका है। लेकिन वहीं रक्षा विश्लेषकों का अनुमान है कि जंग की शुरुआत से अब तक अमेरिका 1,500 से ज्यादा पैट्रियट मिसाइलें दाग चुका है और अब उसके पास 1,000 से भी कम मिसाइलें बची हैं।

Updated on:
27 Jul 2026 12:08 pm
Published on:
27 Jul 2026 11:49 am