विदेश

ट्रंप की ईरान को दो टूक: टकराव खत्म होगा, रास्ता अच्छा होगा या कड़ा-जल्द पता चलेगा

US Iran tensions: मैरीलैंड में नए शिपयार्ड की घोषणा के दौरान ट्रंप ने कहा, ईरान से टकराव अच्छे या उतने अच्छे तरीके से नहीं खत्म होगा। पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Trump Iran conflict
ट्रंप ने ईरान को दी "आसान या मुश्किल रास्ते" की चेतावनी, Photo SOurce@ANI

US Iran Tensions: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ चल रहे टकराव को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब बस यह तय करना है कि यह 'अच्छे तरीके' से होगा या 'उतने अच्छे तरीके से नहीं'। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ईरान की सेना बहुत कमजोर हो चुकी है।

मैरीलैंड के स्पैरोज पॉइंट पर बोलते हुए, जहां उन्होंने अमेरिकी समुद्री औद्योगिक आधार को बढ़ाने के प्रयासों के तहत एक नए शिपयार्ड के निर्माण की घोषणा की, ट्रंप ने कहा कि ईरान के मामले में अमेरिका बहुत अच्छा काम कर रहा है। उन्होंने इस्लामिक रिपब्लिक को पहले 'मिडिल ईस्ट का दादा' (धौंस जमाने वाला) बताया।

उनके पास कोई सेना नहीं है

ट्रंप ने कहा कि, हम इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के मामले में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, बहुत अच्छा। उनके पास कोई सेना नहीं है। वह खत्म हो चुकी है; पूरी जगह बर्बाद हो चुकी है। और वे बुरे लोग थे। वे मिडिल ईस्ट में दादागिरी करते थे। अब वे उतने दादा नहीं रहे, लेकिन हमें इसे खत्म करना है। और सवाल बस यह है कि हम इसे किस तरह करना चाहते हैं - अच्छे तरीके से या उतने अच्छे तरीके से नहीं? और जल्द ही आपको पता चल जाएगा।

होर्मुज की 'स्टील की दीवार'

होर्मुज में ईरानी समुद्री ट्रैफिक पर अमेरिकी सेना की नाकेबंदी का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, जब मैं उस 'स्टील की दीवार' को देखता हूं- जो असल में वही है- जिसे हमने बनाया है (वे इसे नाकेबंदी कहते हैं, मैं इसे स्टील की दीवार कहता हूं), तो पाता हूं कि ईरान तक एक भी जहाज नहीं पहुंच पाया है। सिर्फ वही जहाज वहां से गुजर पाते हैं जिन्हें हम जाने देते हैं, और इसका बहुत बड़ा असर हुआ है।

ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना यह पक्का कर रही है कि ईरान को परमाणु हथियार न मिल पाए। उन्होंने कहा कि, हमारी नौसेना यह पक्का करने में सबसे आगे है कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार न हो, और यही बात हम कहते आ रहे हैं। ऐसा कभी नहीं होगा, ऐसा कभी नहीं होगा। यह बात पहले ही तय हो चुकी है।

दिया था आसान या मुश्किल रास्ते का संकेत

ट्रंप की ये ताजा टिप्पणियां शनिवार को दिए गए उनके बयानों के बाद आई हैं, जब उन्होंने कहा था कि वॉशिंगटन ईरान के बारे में फैसला करेगा और संभावित नतीजे को या तो आसान रास्ता या मुश्किल रास्ता बताया था।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से कहा था कि हमें ईरान के बारे में एक फैसला लेना है। ईरान की हालत बहुत खराब हो चुकी है। इसलिए सवाल बस यह है कि रास्ता आसान होगा या मुश्किल। उन्होंने कहा कि हम आसान या मुश्किल, किसी भी रास्ते से आगे बढ़ेंगे।

Updated on:
07 Oct 2026 05:51 am
Published on:
07 Oct 2026 05:51 am