विदेश

अमेरिका में एयर शो के दौरान बड़ा हादसा: इडाहो में हवा में टकराए दो अमेरिकी लड़ाकू विमान, आसमान में मची तबाही

America Air Show Crash: अमेरिका के इडाहो में एयर शो के दौरान अचानक आसमान में बड़ा धमाका हुआ और दो लड़ाकू विमान टकराकर टूट गए। हादसे के बाद एयरबेस पर लॉकडाउन लगा दिया गया, जबकि चारों क्रू मेंबरों को लेकर कुछ देर तक सस्पेंस बना रहा।
2 min read
May 18, 2026
America Air Show Crash
America Air Show Crash (Viral on X)

Two US Fighter Jets Collide Mid Air Ldaho: अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रविवार को माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों विमान आसमान में ही टूटकर बिखर गए और घटनास्थल के पास काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।

यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। हादसे के बाद पूरे एयरबेस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं।

हवा में टकराए ईए-18जी ग्रोलर जेट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में शामिल दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के ईए-18जी ग्रोलर फाइटर जेट थे। ये विमान एयर शो के दौरान करतब दिखा रहे थे, तभी अचानक हवा में एक-दूसरे से टकरा गए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों जेट टकराने के बाद अलग-अलग दिशाओं में टूटते हुए नीचे गिरने लगे। हादसे के कुछ ही सेकंड बाद आसमान में पैराशूट खुलते नजर आए।

चारों क्रू मेंबर सुरक्षित

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों विमानों में कुल चार क्रू मेंबर मौजूद थे और सभी ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली। एयर शो के उद्घोषक ने मौके पर मौजूद दर्शकों को बताया कि सभी चारों सदस्य सुरक्षित हैं। बाद में अमेरिकी नौसेना ने भी पुष्टि की कि सभी क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल आए हैं।

एयरबेस पर लगा लॉकडाउन

हादसे के बाद माउंटेन होम एयर फोर्स बेस और आसपास के इलाके को सुरक्षा कारणों से लॉकडाउन कर दिया गया। पुलिस और सैन्य अधिकारियों ने लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की। अधिकारियों ने रविवार के बाकी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

आठ साल बाद लौटा था एयर शो

‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ आठ साल बाद दोबारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम को लेकर आयोजक पिछले करीब दो वर्षों से तैयारी कर रहे थे। एयर शो देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे।

कार्यक्रम में अमेरिकी सैन्य विमानों की हवाई कलाबाजियां और करतब दिखाए जा रहे थे, लेकिन हादसे के बाद पूरे आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

माउंटेन होम एयरबेस पर पहले भी एयर शो के दौरान हादसे हो चुके हैं। साल 2018 में एक हैंग ग्लाइडर पायलट की रनवे पर दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके अलावा 2003 में इसी एयर शो के दौरान अमेरिकी एयर फोर्स के थंडरबर्ड्स जेट का भी क्रैश हुआ था, हालांकि उस हादसे में पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर जान बचा ली थी। फिलहाल अमेरिकी सेना और जांच एजेंसियां इस ताजा हादसे की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।

Updated on:
18 May 2026 05:21 am
Published on:
18 May 2026 05:21 am