
Rohingya Muslims: रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे पर म्यांमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के अध्यक्ष और बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने रोहिंग्या शरणार्थी कैंप पहुंचकर म्यांमार को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) के फैसले का पालन नहीं करने पर म्यांमार को इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। रहमान ने यह भी कहा कि रोहिंग्या संकट अब सिर्फ बांग्लादेश का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का मुद्दा है।
खलीलुर रहमान म्यांमार सीमा के पास दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश में स्थित रोहिंग्या शरणार्थी कैंप पहुंचे। उनका यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने रोहिंग्याओं की हत्या और उनके खिलाफ हुए अत्याचारों के मामले में म्यांमार को जिम्मेदार ठहराया था।रहमान को सुनने के लिए कैंप में हजारों रोहिंग्या शरणार्थी एक घाटी में इकट्ठा हुए। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के फैसले को अहम बताते हुए म्यांमार पर इसके संभावित असर को लेकर बात की।
रोहिंग्या शरणार्थियों को संबोधित करते हुए रहमान ने कहा कि यह संकट अब सिर्फ बांग्लादेश या वहां रह रहे शरणार्थियों की चिंता तक सीमित नहीं है। यह पूरी दुनिया का मुद्दा बन चुका है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि इस समस्या के समाधान के लिए सभी देश मिलकर तत्काल कदम उठाएं। उन्होंने म्यांमार को चेतावनी देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय अदालत के फैसले का पालन नहीं करने पर उसे इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
रोहिंग्या संकट की शुरुआत काफी पुरानी है, लेकिन साल 2017 में यह बड़े मानवीय संकट में बदल गया था। उस दौरान म्यांमार की सेना ने उत्तरी रखाइन प्रांत में सैन्य अभियान चलाया था। इसके बाद करीब 8 लाख रोहिंग्या अपनी जान बचाने के लिए म्यांमार छोड़कर बांग्लादेश पहुंच गए थे। संयुक्त राष्ट्र ने म्यांमार की इस सैन्य कार्रवाई को जातीय सफाए का स्पष्ट उदाहरण बताया था। इस अभियान के दौरान हजारों लोगों की हत्या हुई और बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। तब से करीब 12 लाख रोहिंग्या बांग्लादेश के भीड़भाड़ वाले शरणार्थी कैंपों में रह रहे हैं। लंबे समय से ये लोग अपने घर लौटने और सुरक्षित जीवन की उम्मीद कर रहे हैं।