
US Nationwide Airport Ground Stop: अमेरिका में शुक्रवार दोपहर हवाई यातायात व्यवस्था अचानक ठप हो गई। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी के चलते देशभर में सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का आदेश जारी कर दिया। बता दें कि 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार है, जब अमेरिका में इस तरह देशव्यापी उड़ान प्रतिबंध लगाया गया है।
वहीं FAA ने इस फैसले के पीछे 'असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों' का हवाला दिया है। अधिकारियों ने बताया कि देश के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केद्रों के बीच संचार व्यवस्था प्रभावित हुई थी। ये केंद्र देशभर के हवाई अड्डों के बीच उड़ान भरने वाले विमानों की आवाजाही नियंत्रित करते हैं।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि फिलहाल किसी साइबर हमले या जानबूझकर की गई साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में यह दूरसंचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी का मामला लग रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं। अगर आपके परिजन विमान से यात्रा कर रहे हैं तो उनके बारे में चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए मार्कवेन मुलिन ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को FAA की ओर से लगाए गए राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप की जानकारी दे दी है। ट्रंप ने इस संबंध में परिवहन मंत्री सीन डफी से भी बातचीत की।
मुलिन ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने तत्काल स्थिति की जिम्मेदारी संभाली और संकट से निपटने के लिए जरूरी संसाधन तथा संचार सहायता उपलब्ध कराई।
उन्होंने कहा कि वह पहले राष्ट्रपति और हममें से कई अधिकारियों के साथ फोन पर थे। संकट की इस स्थिति में अधिकारी शानदार काम कर रहे हैं।
बता दें कि इस फैसले का असर अमेरिका के हवाई यातायात पर बड़े पैमाने पर पड़ा। विमानन विश्लेषण कंपनी Cirium के अनुसार, शाम 5:50 बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) तक कम से कम 600 उड़ानों को डायवर्ट किया जा चुका था।
इनमें से 496 विमानों को उनके मूल प्रस्थान हवाई अड्डे पर वापस भेजा गया, जबकि 104 विमानों को किसी दूसरे हवाई अड्डे पर उतारा गया। वहीं इससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।