विदेश

अमेरिका-ईरान में बढ़ी टेंशन: राष्ट्रपति ट्रंप ने इशारों में दी चेतावनी; बोले- अब डील दूसरी तरह से होगी

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान से परमाणु डील को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को परमाणु डील करनी ही होगी, उसके पास बस दो सप्ताह का समय है…
2 min read
Feb 21, 2026
US-Iran tensions
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव। (इमेज सोर्स: चैट GPT जनरेटेड AI इमेज)

US-Iran Nuclear Deal Tension: परमाणु डील को लेकर ईरान से तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के पास परमाणु डील पर पहुंचने के लिए करीब दो सप्ताह का समय है। साथ ही ट्रंप ने कहा कि ईरान से परमाणु मसले पर डील तो होगी। ट्रंप ने इशारों में ईरान पर हमले की चेतावनी देते हुए कहा, इस तरह नहीं तो दूसरे तरीके से डील होगी। इसके एक दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान को परमाणु हथियार रखने से हर हाल में रोकेंगे। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि दुनिया का सबसे बड़ा युद्धपोत यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड ईरान पर हमले की तैयारी के सिलसिले में शुक्रवार को भूमध्यसागर में प्रवेश कर गया।

कर सकते हैं टारगेटेड हमला

वहीं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ईरान को अपनी मांगें मानने को मजबूर करने के लिए बड़े हमले से पहले एक सीमित और टारगेटेड हमला कर सकते हैं। दूसरी ओर ईरान ने कहा है कि उस पर हमला होने की स्थिति में दुश्मन देश के सभी टारगेट हमले के वैध लक्ष्य होंगे।

उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का कहना है कि अमरीका ने तेहरान से शून्य यूरोनियम संवर्धन का अनुरोध नहीं किया है। बातचीत इस बात पर हो रही है कि उसके परमाणु कार्यक्रम - जिसमें संवर्धन भी शामिल है - को शांतिपूर्ण तरीके से कैसे चलाया जा सकता है।

ब्रिटेन ने नहीं दी हमले की अनुमति

ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन ने अभी तक ईरान के खिलाफ संभावित हमलों के लिए डिएगो गार्सिया के ठिकानों का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी है। गौरतलब है संयुक्त अड्डे के उपयोग की शर्तों के तहत, डिएगो गार्सिया से किसी भी ऑपरेशन के लिए ब्रिटेन को पहले से सहमति देनी होगी। इस विवाद के बीच ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर शनिवार को अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात कर रही हैं।

Updated on:
21 Feb 2026 05:46 am
Published on:
21 Feb 2026 05:42 am