विदेश

Iran–Israel war: जंग के बीच ईरान में आया जबरदस्त भूकंप

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग जारी है। इसी बीच मंगलवार को ईरान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 रही है। 
2 min read
Mar 03, 2026
Iran Israel War
ईरान में भूकंप के झटके हुए महसूस (Photo-IANS)

Iran–Israel war: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग जारी है। इसी बीच मंगलवार को ईरान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। फिलहाल भूकंप से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।

इस बीच, ईरान में सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले तेज हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान से करीब 800 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित केर्मन एयर बेस पर हुए हमले में कम से कम 13 ईरानी सैनिकों की मौत हो गई। अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी और हमशहरी अखबार ने बताया कि यह एयर बेस सैन्य हेलीकॉप्टरों का ठिकाना है और इसे निशाना बनाया गया।

ईरान में लगातार हमला जारी

शनिवार से इजरायल और अमेरिका ईरानी क्षेत्र में लगातार एयरस्ट्राइक कर रहे हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि ईरान के खिलाफ अभियान कुछ समय तक चल सकता है, लेकिन यह वर्षों तक नहीं खिंचेगा। उन्होंने संकेत दिया कि यह ऑपरेशन रणनीतिक ठिकानों पर केंद्रित रहेगा, न कि लंबे समय तक कब्जे की रणनीति पर।

इजरायली सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशानी ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है, लेकिन जमीनी सेना उतारने की संभावना फिलहाल कम है। उन्होंने कहा कि इस समय जमीनी बलों की तैनाती की कोई व्यावहारिक योजना नहीं है।

ओमान में ईंधन टैंक को पहुंचा नुकसान

मंगलवार को ड्रोन हमले में ओमान के एक बंदरगाह पर मौजूद ईंधन टैंक को नुकसान पहुंचा। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर जल्दी काबू पा लिया गया और किसी की जान नहीं गई। इससे एक दिन पहले, सोमवार को ओमान के तट के पास एक तेल टैंकर पर हमला हुआ। इस हमले में जहाज पर सवार तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।

ओमान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि एमकेडी व्योम नाम के जहाज पर एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु हुई है। दूतावास ने कहा कि वह ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर बाकी भारतीयों को सुरक्षित और जल्द भारत वापस लाने की कोशिश कर रहा है।

दरअसल, यह जहाज मार्शल द्वीप समूह का झंडा लिए हुए था और मस्कट प्रांत के तट से करीब 52 समुद्री मील दूर था, जब उस पर ड्रोन से हमला हुआ। हमले के बाद जहाज के इंजन वाले हिस्से में आग लग गई और विस्फोट हुआ, जिसमें एक भारतीय की जान चली गई।

Updated on:
03 Mar 2026 02:37 pm
Published on:
03 Mar 2026 01:25 pm