भारत के दो वॉन्टेड गैंगस्टर्स को विदेश में गिरफ्तार कर लिया गया हैै। एक को जॉर्जिया तो दूसरे को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है और जल्द ही दोनों को भारत लाया जाएगाै।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। देश के दो वॉन्टेड गैंगस्टर्स को विदेश में गिरफ्तार कर लिया गया है। हम बात कर रहे हैं वेंकटेश गर्ग (Venkatesh Garg) और भानु राणा (Bhanu Rana) की। गर्ग को जॉर्जिया (Georgia) में गिरफ्तार किया गया, जबकि राणा को अमेरिका (United States Of America) में पकड़ा गया। दोनों ही भारत (India) के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर्स की लिस्ट में शामिल हैं और देश में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस, दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर दोनों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
गर्ग और राणा की गिरफ्तारी के बाद इन्हें भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। दोनों को जल्द ही भारत लाया जाएगा, जहाँ इन्हें कड़ी पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।
गर्ग हरियाणा के नारायणगढ़ का निवासी है और उसके खिलाफ भारत में 10 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुग्राम में बहुजन समाज पार्टी के एक नेता की हत्या के आरोप के में वह फरार चल रहा था और इसी वजह से वह जॉर्जिया भाग गया था। जॉर्जिया में रहकर ही गर्ग अपनी आपराधिक गतिविधियों को ऑपरेट कर रहा था। गर्ग वहीं से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और अन्य उत्तरी राज्यों के युवाओं को अपने गैंग में भर्ती करके देश में अपना सिंडिकेट चला रहा था।
राणा मूल रूप से हरियाणा के करनाल का निवासी है और वह लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है और साथ ही उसके गैंग में काम करने वाला कुख्यात गैंगस्टर भी। राणा के खिलाफ हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कई मामले दर्ज हैं। इसी वजह से वह अमेरिका भाग गया था और वहीँ से लॉरेंस गैंग के लिए अपना काम कर रहा था। राणा हथियारों की खरीद-फरोख्त और हिंसक हमलों का मास्टरमाइंड था।